काकामिगाहारा (जापान): भारतीय टीम 2026 पुरुष हॉकी अंडर-18 एशिया कप के फाइनल में पहुंच गई है। जापान के काकामिगाहारा में खेले जा रहे टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में 5-3 के अंतर से जीत हासिल की।
फाइनल में भारत का सामना मेजबान जापान से होगा। पाकिस्तान की टीम मैच के 48वें मिनट तक 3-2 से आगे चल रही थी। इसके बाद भारत ने दमदार वापसी करते हुए अगले 8 मिनट में तीन गोल मार दिए और मैच को अपने नाम कर लिया।
अंडर-18 हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम ने तीसरी बार बार फाइनल में जगह बनाई है। टीम ने 2001 में हुए पहले टूर्नामेंट को अपने नाम किया था। 2016 में भी भारतीय टीम विजेता रही थी.
सेमीफाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में ही भारत का खाता खुल गया। पेनल्टी स्ट्रोक पर पूर्ति आशीष टानी ने टीम के लिए 12वें मिनट में गोल दागा।27वें मिनट में आदील के फील्ड गोल की मदद से पाकिस्तान ने मैच को बराबरी पर ला दिया। शाहरुख अली ने भारत की तरफ से 35वें मिनट में गोल किया तो दो मिनट बाद ही पाकिस्तान के लिए मुहम्मद फरहान असलम ने गोल दाग दिया। इससे मुकाबला 2-2 की बराबरी पर आ गया।
उजैर अहमद कुरैशी के गोल ने 42वें मिनट में पाकिस्तान को मैच में पहली बार बढ़त दिलाई। उन्होंने यह गोल पेनल्टी कॉर्नर पर किया। इसके बाद पूर्ति आशीष टानी ने 49वें, 53वें और 56वें मिनट पर पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागे और भारत की जीत पक्की कर दी।


