नयी दिल्ली: भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के बचपन के कोच देवेंद्र शर्मा ने उन्हें मौजूदा खराब फॉर्म से उबरने के लिए अपनी बल्लेबाजी शैली में बदलाव करने की एक महत्वपूर्ण सलाह दी है।
कोच शर्मा का मानना है कि पंत को इस समय क्रीज पर आड़े शॉट खेलने से बचना चाहिए और ऑफ-साइड पर अधिक ध्यान केंद्रित करना चाहिए। पंत के लिए IPL का लगातार दूसरा सीजन बेहद निराशाजनक रहा, जिसके बाद उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी भी छोड़ दी। सीमित ओवरों के क्रिकेट में खराब प्रदर्शन के कारण अब वह भारतीय टीम के लिए केवल टेस्ट क्रिकेट में ही खेलते नजर आते हैं, जहां हाल ही में उन्हें उप-कप्तानी के पद से भी हटा दिया गया था।
कोच देवेंद्र शर्मा ने पीटीआई से बातचीत करते हुए पंत की बल्लेबाजी की कमियों को उजागर किया और कहा कि वह खुद पर बहुत ज्यादा दबाव डाल रहे हैं। शर्मा ने कहा कि पंत जरूरत से ज्यादा कोशिश कर रहे हैं और बहुत अधिक आड़े-तिरछे शॉट खेल रहे हैं। उन्हें खुद पर दबाव बनाने के बजाय अधिक से अधिक सीधे शॉट खेलने चाहिए, जिससे उन्हें अधिक सफलता मिलेगी। उन्होंने बताया कि जब उनकी पंत से आखिरी बार बात हुई थी, तब उन्होंने फॉर्म में वापसी करने के लिए उन्हें सीधे शॉट खेलने का ही सुझाव दिया था, क्योंकि जब कोई खिलाड़ी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हो तो उसे अपने बेसिक्स पर ही ध्यान देना चाहिए।


