नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट गलियारों में बदलाव का दौर जारी है। भारत को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने वाले स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है। इतना ही नहीं, खराब फॉर्म से जूझ रहे सूर्या का अब आगे भारतीय टी20 टीम में चुना जाना भी बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। BCCI ने यह कड़ा और बड़ा फैसला इस महीने के अंत में होने वाले आयरलैंड और इंग्लैंड के आगामी दौरों से ठीक पहले लिया है। बीसीसीआई अब नए विजन के साथ भारतीय टी20 टीम के लिए एक नए कप्तान की नियुक्ति करने जा रही है।
खराब फॉर्म को देखते हुए लिया गया फैसला
बीसीसीआई के एक शीर्ष अधिकारी ने इस बड़े फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि चयन समिति, बोर्ड और टीम मैनेजमेंट ने मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी चर्चा के बाद यह तय किया है कि अब भारतीय टीम को आगे के सफर के लिए एक नए कप्तान की जरूरत है। इंडियन एक्सप्रेस से BCCI अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, ‘सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जरूर जीता, लेकिन उनके मौजूदा फॉर्म और भविष्य को ध्यान में रखते हुए मैनेजमेंट को लगा कि अब आगे बढ़ने का सही समय आ गया है। उन्हें अब आगे चयन के लिए भी नहीं चुना जाएगा और इस फैसले की जानकारी जल्द ही सूर्या को दे दी जाएगी।’
बल्लेबाजी फॉर्म बनी सूर्या की सबसे बड़ी कमजोरी
साल 2024 में वेस्टइंडीज में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जब रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास लिया था, तब सूर्यकुमार यादव को भारतीय टी20 टीम की कमान सौंपी गई थी। लेकिन कप्तान बनने के बाद से ही सूर्या की बल्लेबाजी लगातार सवालों के घेरे में रही है। पिछले दो सालों से उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं और हाल ही में खत्म हुए आईपीएल 2026 सीजन में उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। हालांकि, उन्होंने सीजन के अपने आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक अर्धशतक जरूर जड़ा, लेकिन पूरे सीजन में वे संघर्ष करते ही दिखे।
टीम इंडिया का आगामी टी20 शेड्यूल
भारतीय टीम को इस महीने के अंत से एक व्यस्त टी20 शेड्यूल का सामना करना है, जहां मैदान पर एक बिल्कुल नई टीम और नए कप्तान की रणनीति देखने को मिल सकती है। भारत को आयरलैंड में दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। इसके ठीक बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए मैदान पर उतरेगी।


