Newdehli | भारतीय क्रिकेट के आगामी सीजन को लेकर BCCI ने एक बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया है। BCCI ने टीम इंडिया, इंडिया-A और भारतीय U19 टीमों के व्यस्त घरेलू शेड्यूल की घोषणा कर दी है, जिसमें पहली बार भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच द्विपक्षीय सीरीज खेली जाएगी। यह फैसला भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नई शुरुआत माना जा रहा है।
BCCI द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, भारतीय सीनियर महिला टीम अक्टूबर 2026 में जिम्बाब्वे महिला टीम की मेजबानी करेगी। यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय सीरीज होगी, जिसमें कुल 6 व्हाइट-बॉल मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें 3 T20 इंटरनेशनल मैच रायपुर में खेले जाएंगे, जबकि 3 ODI मैच बड़ौदा में आयोजित होंगे। इसके अलावा, घरेलू सीजन में कई रोमांचक मल्टी-फॉर्मेट सीरीज भी शामिल हैं। भारत A (पुरुष) टीम सितंबर से अक्टूबर 2026 के बीच पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ दो चार दिवसीय मैच और तीन ODI मुकाबले खेलेगी। यह सीरीज अगले साल होने वाले ODI वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अहम मानी जा रही है।
इंडिया-ए की ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमों से होगी टक्कर
वहीं, इंडिया-A महिला टीम भी एक्शन में नजर आएगी। टीम सितंबर में मोहाली और धर्मशाला में ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेलेगी, जिसमें 3 T20, 3 वनडे और एक मल्टी-डे मैच शामिल होगा। इसके बाद सीजन के अंत में पुणे और नवी मुंबई में इंग्लैंड A महिला टीम के खिलाफ भी इसी फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाएंगे। U19 स्तर पर भी भारतीय टीमों के लिए व्यस्त शेड्यूल तय किया गया है। भारतीय U19 पुरुष टीम ऑस्ट्रेलिया U19 की मेजबानी करेगी, जहां राजकोट में 3 वनडे और राजकोट व अहमदाबाद में 2 मल्टी-डे मैच खेले जाएंगे।


