Rashid Khan: दुनिया के सबसे खतरनाक स्पिनरों में शुमार राशिद खान ने एक चौंकाने वाला खुलासा कर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। अपनी आने वाली किताब राशिद खान: फ्रॉम स्ट्रीट टू स्टारडम में राशिद ने बताया कि उन्हें भारत और ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने दोनों को ठुकरा दिया। राशिद ने ये खुलासा ऐसे समय में किया है, जब वह IPL 2026 में गुजरात टाइटंस के लिए शिरकत कर रहे हैं।
भारत से मिला था खास ऑफर
राशिद खान ने खुलासा किया कि IPL 2023 के दौरान एक सीनियर BCCI ऑफिशियल ने उनसे संपर्क किया था। उस बातचीत में अफगानिस्तान की स्थिति का जिक्र करते हुए उन्हें भारत आने और यहीं बसने का प्रस्ताव दिया गया। राशिद ने अपनी किताब में लिखा कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों से नागरिकता और खेलने के ऑफर मिले थे। लेकिन उन्होंने उनसे कहा कि अगर वह अपने देश के लिए नहीं खेलते, तो फिर किसी और देश के लिए भी नहीं खेलेंगे।
राशिद ने उस बातचीत को विस्तार से बताते हुए लिखा कि वह उनके पास गए और अभिवादन किया। हम बातचीत करने लगे और उन्होंने कहा कि आपके देश अफगानिस्तान की स्थिति बहुत खराब है। भारत आकर रहो। हम आपको भारतीय दस्तावेज देंगे, यहां रहो, यहां क्रिकेट खेलो राशिद उनकी बात सुनकर हैरान रह गया और समझ नहीं पाये कि क्या जवाब दूं। लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा- बहुत-बहुत धन्यवाद। वह अपने देश अफगानिस्तान के लिए खेल रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के ऑफर पर नहीं किया खुलासा
दिलचस्प बात यह है कि राशिद ने अपनी किताब में ऑस्ट्रेलिया से मिले ऑफर के बारे में ज्यादा विस्तार से नहीं बताया है, लेकिन यह जरूर साफ कर दिया कि उन्होंने अपने देश के प्रति वफादारी को सबसे ऊपर रखा। इस बीच IPL के लिए खेल रहे राशिद खान ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी की है। अब तक वह 20 ओवर में सिर्फ 154 रन देकर 6 विकेट ले चुके हैं और टीम के सबसे किफायती गेंदबाज बने हुए हैं।
गौरतलब है कि राशिद खान T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 524 T20 मैचों की 519 पारियों में 708 विकेट झटके हैं। वह T20I क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने 115 मैचों में 193 विकेट चटकाए हैं।

