RCB vs LSG, IPL 2026: IPL 2026 के 23वें मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार जीत दर्ज की। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से शिकस्त दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम 20 ओवर में 146 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में RCB ने 16वें ओवर में 5 विकेट खोकर 147 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही RCB की टीम ने सीजन की चौथी जीत दर्ज करते हुए राजस्थान रॉयल्स को धकेलकर पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर कब्जा कर लिया। RCB के 5 मैचों में 4 जीत के बाद अब 8 पॉइंट हो गए हैं। राजस्थान के भी 8 पॉइंट हैं, लेकिन नेट रन रेट RCB का बेहतर है।
इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का आगाज कुछ खास नहीं रहा और टीम ने 35 रन पर ही दो विकेट खो दिए। इसके बाद लखनऊ के बल्लेबाजों ने पारी को संभालने की कोशिश की और टीम का स्कोर 100 रन के पार ले गए।। हालांकि, 118 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट गई। इसके बाद विकेट की झड़ी लग गई। 146 रन तक पूरी टीम ढेर हो गई। मिचेल मार्श ने सबसे ज्यादा 40 रनों की पारी खेली। रसिख सलाम डार ने 4 विकेट अपने नाम किए। भुवी ने 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि क्रुणाल पांड्या ने 2 विकेट चटकाए।
लखनऊ के स्कोर के जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी का आगाज भी कुछ खास नहीं रहा। दूसरे ही ओवर में टीम को फिल सॉल्ट के रुप में पहला झटका लग गया। हालांकि, दूसरे विकेट के लिए विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के बीच शानदार अर्धशतकीय साझेदारी हुई। पडिक्कल 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद विराट कोहली भी 49 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। बीच के ओवर्स में कप्तान रजत पाटीदार और जितेश शर्मा ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया और टीम का स्कोर 100 रन के पार ले गए। 122 रन के स्कोर तक RCB की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी, लेकिन तब मैच लखनऊ के हाथ से निकल गया। अंत में टिम डेविड ने बड़े शॉट लगाते हुए RCB को 16वें ओवर में जीत दिला दी। RCB की ओर से विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए।


