KKR vs LSG IPL 2026: लखनऊ सुपर जाएंट्स ने केकेआर के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले को तीन विकेट से अपने नाम करने के साथ दूसरी जीत हासिल की है। कोलकाता में खेले गए इस मैच में लखनऊ को जीत दिलाने में 21 साल के मुकुल चौधरी ने अहम भूमिका अदा की।
इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लेने में बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई थी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 4 विकेट के नुकसान पर 181 रनों का स्कोर बनाया। केकेआर की तरफ से बल्लेबाजी में अंगकृष रघुवंशी ने 45 जबकि अजिंक्य रहाणे ने 41 रनों की पारी खेली, इसके अलावा कैमरन ग्रीन ने 32 और रोवमन पावेल ने नाबाद 39 रन बनाए। लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी में प्रिंस यादव, एम सिदार्ध, दिग्वेश राठी और आवेश खान ने 1-1 विकेट हासिल किया था।
टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जाएंट्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही जिसमें उन्होंने 104 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था, वहीं 128 के स्कोर तक उनके 7 विकेट हो गए थे। इसके बाद 21 साल के युवा खिलाड़ी मुकुल चौधरी ने 27 गेंदों में 54 रनों की नाबाद पारी खेलने के साथ अपनी टीम को एक रोमांचक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। मुकुल चौधरी ने अपनी इस पारी में 2 चौके और 7 छक्के लगाए। लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए इसके अलावा आयुष बदोनी ने भी 54 रनों की पारी खेली। केकेआर की ये इस सीजन में चार मुकाबलों के बाद तीसरी हार है, जिसमें वह अब तक एक भी मैच जीतने में कामयाब नहीं हो सके हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस मैच में गेंदबाजी से वैभव अरोड़ा और अनुकूल रॉय ने 2-2 विकेट हासिल किए जबकि सुनील नरेन, कार्तिक त्यागी और कैमरून ग्रीन 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।


