Mumbai. इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में अभी तक 14 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा किसी एक खिलाड़ी को लेकर देखने को मिल रही है तो वह राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के ओपनिंग बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी हैं।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 14 गेंदों में 39 रनों की धुआंधार पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने एक चौका और 5 छक्के लगाए थे। इसमें से 2 सिक्स वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड क्रिकेट के महान गेंदबाजों में शुमार किए जाने वाले जसप्रीत बुमराह को जड़े थे। इसके बाद से वैभव की प्रतिभा को लेकर सभी उनके कायल हो गए हैं। वहीं वैभव और बुमराह का मुकाबला पहली बार देखने के लिए सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार भी कर रहे थे, जिसमें 15 साल के वैभव भारी पड़ते हुए साफतौर पर दिखाई दिए। अब राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने जसप्रीत बुमराह के खौफ को लेकर पहले ही बड़ा ऐलान कर दिया था।
आप उसका टेंशन मत लो, मैं देख लूंगा
राजस्थान रॉयल्स ने अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, जिसमें वह प्रैक्टिस करने के लिए नेट्स की तरफ जा रहे हैं। इस वीडियो में कोई पीछे से वैभव सूर्यवंशी से बात कर रहा है और उनसे कह रहा है कि सामने वाली टीम में वर्ल्ड का बेस्ट बॉलर है, स्विंग का किंग। इसमें उस व्यक्ति का इशारा साफतौर पर जसप्रीत बुमराह को लेकर था। इसका जवाब देने में वैभव सूर्यवंशी ने बिल्कुल भी देरी नहीं लगाई और कहा कि आप उसका टेंशन मत लो, मैं देख लूंगा। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में वैभव ने कुछ ऐसा ही किया जिसमें उन्होंने बुमराह की 5 गेंदों का सामना किया और 2 छक्के लगाने के साथ 13 रन बनाने में कामयाब रहे।


