इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के आगाज होने का इंतजार सभी फैंस काफी बेसब्री के साथ कर रहे हैं, जिसमें अब इसकी शुरुआत होने में 24 घंटे से भी कम का समय बचा है। आईपीएल 2026 के पहले मैच में ब्लॉकबस्टर भिड़ंत देखने को मिलेगी जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। दोनों टीमों का रिकॉर्ड आईपीएल इतिहास में काफी शानदार देखने को मिलता है ऐसे में फैंस की भी नजरें इस मैच से नहीं हटने वाली हैं। हालांकि दोनों टीमों के बीच में ये मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां पर आईपीएल में बारिश के चलते कई मुकाबले पहले भी रद्द हो चुके हैं। ऐसे में सभी की नजरें मौसम को लेकर भी टिकी हुई हैं।
मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच में खेले जाने वाले आईपीएल 2026 सीजन के पहले मुकाबले में मौसम को लेकर बात की जाए तो बेंगलुरु में 28 मार्च को आसमान पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार बेंगलुरु में शनिवार यानी 28 मार्च को दिन के समय का तापमान जहां 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच में रह सकता है तो वहीं शाम के समय इसमें गिरावट देखने को मिलेगी और मुकाबला शुरू होने के समय ये 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा। वहीं बारिश होने की किसी भी तरह की कोई उम्मीद नहीं है, जिससे फैंस को आईपीएल 2026 के ओपनिंग मैच का पूरा लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
SRH का रहा अब तक पलड़ा भारी
आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल के इतिहास में एक-दूसरे के खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड को लेकर बात की जाए तो उसमें SRH का पलड़ा थोड़ा भारी दिखता है। दोनों टीमों के बीच में अब तक आईपीएल में कुल 25 मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने जहां 14 मैचों को अपने नाम किया है तो वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 11 मैच जीतने में कामयाब हो सकी है। इसके अलावा एक मुकाबला रद्द रहा है। वहीं बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले हुए हैं, इसमें से आरसीबी की टीम जहां 5 मैचों को जीतने में कामयाब रही तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने तीन मुकाबले जीते हैं।


