कोलकाता। टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में वेस्टइंडीज को सुपर 8 के मुकाबले में पांच विकेट से हराकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 19.2 ओवर में ही पांच विकेट पर 199 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अब टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और विश्व कप का एक और खिताब जीतने से महज दो जीत दूर है।
संजू सैमसन की 97 रनों की शानदार पारी
भारत के लिए संजू सैमसन ने धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने 50 बॉल पर नाबाद 97 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 12 चौके और 4 छक्के लगाए। भारत के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनालने वाले बल्लेबाज तिलक वर्मा रहे, उन्होंने 15 बॉल पर 27 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 18 रन की छोटी सी पारी आई। हार्दिक ने केवल 14 बॉल पर 17 रन बनाए, हालांकि जीत से पहले ही वे आउट हो गए। शिवम दुबे ने केवल 4 बॉल पर 8 रन बनाए और दो चौके लगाए।
इस मुकाबले में कैसी रही टीम इंडिया की गेंदबाजी
इस मैच में टीम इंडिया की गेंदबाजी की बात करें तो वहां जसप्रीत बुमराह भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने इस मैच में 4 ओवर में 36 रन खर्च करते हुए दो विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 40 रन खर्च करते हुए 1 विकेट अपने नाम किए। वहीं वरुण ने भी अपने 4 ओवर में 40 रन खर्च करते हुए 1 विकेट हासिल किए।
सेमीफाइनल की चार टीमें भी हुई फाइनल
भारत बनाम वेस्टइंडीज मैच के बाद अब टी20 विश्व कप 2026 की सेमीफाइलन की चारों टीमें तय हो गई हैं। साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड पहले ही अंतिम चार थीं। वेस्टइंडीज और भारत में एक पर फैसला होना था, इसलिए ये मैच अहम था। भारतीय टीम जहां आगे निकल गई है, वहीं वेस्टइंडीज का अब टी20 विश्व कप का सफर समाप्त हो गया है।


