थाईलैंड के बैंकॉक में इन दिनों वुमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स के मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम ने अपने दमदार प्रदर्शन को सेमीफाइनल मुकाबले में भी बरकरार रखा है और फाइनल में एंट्री मारी है। टीम इंडिया का सामना सेमीफाइनल श्रीलंका की महिला टीम से हुआ, जहां भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में मुकाबले को अपने नाम किया। सेमीफाइनल में टीम इंडिया की जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 5 विकेट से मात दी।
भारतीय गेंदबाजों ने सेमीफाइनल में दिखाया दम
सेमीफाइनल मैच में इंडिया ए वुमेंस टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। इस मुकाबले में श्रीलंका की ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ श्रीलंका महिला टीम के बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे। श्रीलंका की पूरी टीम 19.4 ओवर में सिर्फ 118 रन पर ढेर हो गई। लंका की पारी में सबसे ज्यादा रन संजना कविंदी ने बनाए, उन्होंने 35 गेंदों में 31 रन की धीमी पारी खेली। वहीं, शशिनी गिम्हानी ने 17 गेंदों में 22 रन की तेज पारी खेली। उनके अलावा हंसिमा करुणारत्ने ने 14 रन और सथ्या संदीपनी ने 15 रनों का योगदान दिया। भारत की गेंदबाजी की बात करें तो वहां कप्तान राधा यादव ने 3.4 ओवर में 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, प्रेमा रावत ने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 2 विकेट लिए। तनुजा कंवर ने भी 2 विकेट झटके।


