बेंगलुरु। स्पिनर्स के दमदार प्रदर्शन से मध्यप्रदेश ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी मैच में 8 बार की चैंपियन कर्नाटक को 217 रन के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ मध्यप्रदेश की टीम 22 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर आ गई है। जबकि कर्नाटक (21 अंक) नंबर-1 से तीसरे स्थान पर खिसक गई है।
ग्रुप ए में डिफेंडिंग चैंपियन विदर्भ को आंध्र प्रदेश के खिलाफ 8 विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी है। अनंतपुर में खेले गए मैच में शेख रशीद के शानदार शतक की बदौलत आंध्र ने 259 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
करुण नायर की गैरमौजूदगी पड़ी भारी चोटिल करुण नायर की अनुपस्थिति ने भी आठ बार की चैंपियन कर्नाटक की मुश्किलें बढ़ा दीं। बाएं हाथ की उंगलियों के बीच कट लगने के कारण नायर बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे। उनकी जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में निकिन जोस को उतारा गया। जोस ने 101 गेंदों में 26 रन बनाए और श्रेयस गोपाल के साथ तीसरे विकेट के लिए 61 रन जोड़े, लेकिन एक ही ओवर में दो विकेट गिरते ही कर्नाटक की पारी बिखर गई।

मध्यप्रदेश ने 229 पर पारी घोषित की मैच के आखिरी दिन मध्य प्रदेश ने 204/6 से आगे खेलते हुए अपनी दूसरी पारी 229/8 पर घोषित की। उसकी ओर से हिमांशु मंत्री ने 96 रन का योगदान दिया। टीम ने पहली पारी में वेंकटेश अय्यर (87 रन) की फिफ्टी के सहारे 323 रन बनाए थे। मैच में कर्नाटक की टीम 191 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस तरह मध्यप्रदेश को पहली पारी में 132 रन की बढ़त मिली। इस पारी में सारांश जैन ने 4 विकेट झटके थे।


