भारत और न्यूजीलैंड के बीच में खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया को 209 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उन्होंने सिर्फ तीन विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
भारतीय टीम की तरफ से इशान किशन और कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी देखने को मिली, जिसके दम पर टीम इंडिया ने टारगेट को 15.2 ओवर्स में हासिल कर लिया। इशान किशन के बल्ले से इस मैच में 76 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं कप्तान सूर्या ने 82 रनों की नाबाद पारी खेली।
इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रनों का स्कोर बनाया है, जिसमें उनकी तरफ से कप्तान मिचेल सैंटनर ने 27 गेंदों में जहां 47 रनों की नाबाद पारी खेली तो इसके अलावा रचिन रवींद्र के बल्ले से 44 रनों की पारी देखने को मिली। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने 2 जबकि हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या ने 1-1 विकेट हासिल किया।


