भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जा रही है। पहला मैच वडोदरा में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। वहीं, दूसरा मैच राजकोट में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल के शानदार शतक की बदौलत टीम इंडिया को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस हार के बाद टीम इंडिया के लिए एक और बुरी खबर आई है।
दरअसल, भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन की वजह से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं। यह सीरीज 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होने वाली है। वॉशिंगटन सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI मुकाबले के दौरान गेंदबाजी करते समय बाईं पसली के निचले हिस्से में परेशानी महसूस हुई थी। इसके बाद उन्हें तीन मैचों की ODI सीरीज से भी बाहर कर दिया गया था। अब मेडिकल जांच के बाद यह साफ हो गया है कि वह T20I सीरीज के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे।
BCCI ने दी जानकारी
BCCI के एक अधिकारी ने इस बारे में PTI को जानकारी देते हुए कहा कि वॉशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन के चलते न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज से बाहर कर दिया गया है। वॉशिंगटन की चोट ने अब 7 फरवरी से शुरू हो रहे T20 वर्ल्ड कप में उनकी उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस पर लगातार नजर बनाए हुए है।
तिलक वर्मा भी शुरुआती मैचों से बाहर
टीम इंडिया वर्ल्ड कप से पहले चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। हाल ही में तिलक वर्मा को ग्रोइन इंजरी के चलते सर्जरी करानी पड़ी, जिसके कारण वह न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों में चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए ये चोटें चिंता का विषय बनती जा रही हैं, खासकर तब जब T20 वर्ल्ड कप नजदीक है और टीम अपने स्क्वॉड को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटी है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (केवल चौथे और 5वें T20I के लिए), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, ईशान किशन (विकेटकीपर)


