भारत के दौरे पर आए मशहूर फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेसी के कोलकाता में हुए इवेंट के दौरान सॉल्ट लेक स्टेडियम में काफी अफरातफरी भरा माहौल देखने को मिला था। वहीं इस इवेंट में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली भी पहुंचे हुए थे। अब उन्होंने सॉल्ट लेक स्टेडियम में इस आयोजन के बाद उनको लेकर अर्जेंटीना फैन क्लब के अध्यक्ष उत्तम साहा द्वारा दिए गए विवादित बयान पर कोलकाता के लालबाजार में मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया है।
गांगुली ने लगाया व्यक्तिगत सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप
सौरव गांगुली ने कोलकाता की क्राइम ब्रांच में अर्जेंटीना फैन क्लब के अध्यक्ष उत्तम साहा के खिलाफ जो 50 करोड़ रुपये के मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया है उसमें उन्होंने उनके खिलाफ लगातार झूठे और विवादित आरोप लगाए जाना शामिल है, जिससे उनके उनके व्यक्तिगत सम्मान को जहां ठेस लगी है तो वहीं सार्वजनिक तौर पर उनके किरदार और प्रतिष्ठा को भी बदनाम करने की कोशिश की गई है। सौरव गांगुली ने कहा कि उत्तम साहा ने यह सब जानबूझकर किया है, जिसके लिए उन्होंने कानूनी नोटिस भेजने के साथ 50 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। गांगुली ने साथ ही यह भी कहा कि वह सॉल्ट लेक स्टेडियम में हुए इवेंट में एक गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे जिसमें उनका मेसी के कार्यक्रम से कोई भी संबंध नहीं था। सौरव गांगुली द्वारा दायर किए गए इस मुकदमे के बाद अब सभी की नजरें मामले की सुनवाई पर टिकी हुई है।
कोलकाता में मेसी के जल्दी जाने से भड़क गए थे फैंस
लियोनल मेसी भारत में तीन दिन के अपने कार्यक्रम के लिए सबसे पहले 13 दिसंबर को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में होने वाले इवेंट में पहुंचे थे। इस दौरान वहां पर उन्हें देखने के लिए काफी अधिक संख्या में फैंस का जमावड़ा देखने को मिला था, जिसके बाद मेसी स्टेडियम में तय समय से पहले ही बाहर निकल गए थे, जिसके चलते फैंस काफी नाराज हुए थे। इसके बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम में काफी अफरातफरी भरा माहौल देखने को मिला था। इस कार्यक्रम में काफी सेलिब्रिटी भी सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे हुए थे।


