कोलकाता नाइट राइडर्स ने IPL इतिहास के तीसरे सबसे महंगे प्लेयर वेंकटेश अय्यर को रिलीज कर दिया है। KKR ने 11 साल तक टीम का हिस्सा रहे आंद्रे रसेल को भी रिलीज कर दिया। KKR ने वेंकटेश अय्यर को पिछले साल मेगा ऑक्शन में 23.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। जबकि आंद्रे रसेल 12 करोड़ रुपए में रिटेन हुए थे।
IPL कमेटी ने शनिवार को रिटेन, रिलीज और ट्रेड लिस्ट जारी की। चेन्नई सुपर किंग्स ने मथीश पथिराना, डेवोन कॉन्वे और रचिन रवींद्र को रिलीज किया है। रिलीज किए गए सभी प्लेयर्स की 16 दिसंबर को UAE के अबु धाबी में होने जा रहे मिनी ऑक्शन में नीलामी होगी।
CSK ने सुबह रवींद्र जडेजा और सैम करन को RR के साथ ट्रेड किया था, जबकि RR ने अपने कप्तान संजू सैमसन को CSK के साथ ट्रेड किया था। ये तीनों कैश डील रहीं।
कौन रिटेन, कौन रिलीज…?
डिफेंडिंग चैंपियन RCB से 8 प्लेयर रिलीज
IPL का पिछला टाइटल जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। टीम के पास मिनी ऑक्शन के लिए 16.4 करोड़ रुपए की पर्स लिमिट है। पंजाब और गुजरात ने 5-5 खिलाड़ी रिलीज किए हैं। इन दोनों के पास क्रमश: 11.5 और 12.9 करोड़ रुपए बचे हैं।
मुंबई से 8 खिलाड़ी रिलीज, तेंदुलकर को ट्रेड किया
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने अपने 8 खिलाड़ियों को रिलीज किया है। इतना ही नहीं, शार्दूल ठाकुर, शेरफन रदरफोर्ड और मयंक मार्कंडेय को ट्रेड डील के जरिए अपने साथ जोड़ा है। साथ ही अर्जुन तेंदुलकर को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है। तेंदुलकर अब लखनऊ से खेलेंगे। मुंबई के पास 2.75 करोड़ रुपए का पर्स बचा है।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 खिलाड़ी रिलीज किए हैं। साथ ही मोहम्मद शमी को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ट्रेड किया है। SRH के पास 25.5 करोड़ रुपए बचे हैं। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स ने 6 खिलाड़ी रिलीज कर दिए हैं। डेनेवान फेरेरा को ट्रेड किया। दिल्ली के पर्स में 21.8 करोड़ रुपए हैं।


