भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले को 48 रनों से जीत हासिल करने के साथ सीरीज को गंवाने का खतरा टाल दिया है। वहीं अब टीम इंडिया की नजरें इस सीरीज को जीतने पर हैं, जिसमें उन्हें आखिरी मुकाबला 8 नवंबर को ब्रिस्बेन के गाबा मैदान पर खेलना है।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अब तक टी20 इंटरनेशनल में टीम इंडिया का काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है, ऐसे में टीम इंडिया यदि इस सीरीज को जीतने में कामयाब होती है तो अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले सभी खिलाड़ियों का आत्मविश्वास काफी बढ़ जाएगा।
ब्रिस्बेन के मैदान पर अब तक खेला है एक मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम इंडिया को टी20 सीरीज का आखिरी मैच ब्रिस्बेन के गाबा स्टेडियम में खेलना है। यहां पर भारतीय टीम ने अब तक टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ एक मैच खेला है जो साल 2018 में हुई मेजबान टीम के खिलाफ सीरीज में खेलने का मौका मिला था। इस मैच में टीम इंडिया को डकवर्थ लुईस नियमानुसार 4 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 158 रनों का स्कोर बनाया था, जिसके बाद भारतीय टीम को डीएलएस नियम के अनुसार 17 ओवर्स में 171 रनों का टारगेट मिला था, लेकिन टीम इंडिया 169 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हुई थी।


