नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) का 2025–26 सीजन का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट साइन करने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिजवान ने बोर्ड के सामने कुछ शर्तें रखी हैं, जिन पर फिलहाल PCB सहमत नहीं हुआ है।
PCB ने दो महीने पहले सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट को जारी किया था। जिसमें रिजवान और बाबर आजम दोनों को कैटेगरी A से हटाकर कैटेगरी B में कर दिया था। पिछले सीजन तक दोनों ही खिलाड़ी पाकिस्तान के टॉप कॉन्ट्रैक्ट वाले (कैटेगरी A) क्रिकेटर थे। PCB ने इस बार किसी भी खिलाड़ी को कैटेगरी A में शामिल नहीं किया था, जो बोर्ड की नई पॉलिसी का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
2025-26 सीजन के लिए जारी किए कॉन्ट्रेक्ट में खिलाड़ियों की संख्या 27 से बढ़ाकर 30 कर दी गई थी। युवा खिलाड़ी हसन नवाज, मोहम्मद हारिस और सुफियान मोकिम को 2025-26 सीजन के लिए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया था। तीनों कैटेगरी बी, सी और डी में 10-10 खिलाड़ियों को जगह दी गई थी। यह कॉन्ट्रैक्ट 1 जुलाइ 2025 से 30 जून 2026 तक रहेगा।
रिजवान को वनडे कप्तानी से हटाया गया था PCB ने हाल ही में रिजवान को वनडे कप्तानी से हटाकर शाहीन शाह अफरीदी को नया कप्तान बनाया था। पाकिस्तान की टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 नवंबर से वनडे सीरीज में नए कप्तान शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में उतरेगी। वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 नवंबर से शुरू हो रही है। रिजवान को पाकिस्तान की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।


