नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजियां कुछ प्लेयर्स को ट्रेड कर सकती है। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को लेकर चर्चा काफी तेज हो रही है। उनकी पूर्व फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ईशान किशन में काफी ज्यादा दिलचस्पी दिखा रही है। मुंबई उनको एक बार फिर से अपनी टीम में शामिल करने को देख रही है।टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, ईशान किशन को मुंबई इंडियंस द्वारा अप्रोच किया गया है। लेकिन, अब तक कुछ भी पक्का नहीं हुआ है। सिर्फ मुंबई इंडियंस ही नहीं बल्कि कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स भी ईशान किशन में रुचि दिखा रही हैं।
साउथ अफ्रीका के रेयान रिकेल्टन ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। लेकिन, ईशान किशन एमआई को और भी ज्यादा फ्लेक्सिबिलिटी देते हैं। किशन के होने से मुंबई का विकेटकीपर डिपार्टमेंट भी कवर हो जाएगा और उनके पास एक और विदेशी खिलाड़ी खिलाने का ऑप्शन होगा। इसके अलावा रोहित शर्मा की उम्र को ध्यान में रखते हुए भी एक भारतीय ओपनर के बारे में मुंबई को सोचना होगा।
अब सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि मुंबई और हैदराबाद के बीच बातचीत कैसे होती है। शुरुआती बातचीत से ऐसा लग रहा है कि हैदराबाद किशन को जाने देने के लिए अनिच्छुक है, लेकिन अगर खिलाड़ी जाने का फैसला करता है तो सब कुछ बदल सकता है। ईशान किशन ने 2016 में आईपीएल डेब्यू किया था, जब से अब तक उन्होंने 119 मैच खेले हैं।


