भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा, जिसका पहला मुकाबला पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला जाएगा। इस सीरीज के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान अक्टूबर महीने की शुरुआत में ही कर दिया गया था, जिसमें शुभमन गिल को जहां वनडे फॉर्मेट में नया कप्तान बनाया गया तो वहीं रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी जगह मिली। रोहित और कोहली दोनों ने ही साल 2025 की शुरुआत में हुई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल मैच के तौर पर अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला खेला था, जिसके बाद से दोनों ही अब मैदान पर वापसी करते हुए दिखाई देंगे। विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के साथ ही वनडे सीरीज की तैयारियों को लेकर नेट्स पर जमकर पसीना बहाया।
कोहली ने नेट्स पर किया बैटिंग का लंबा अभ्यास
विराट कोहली को मैदान पर खेलता हुए देखने के लिए सभी फैंस काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसमें 14 अक्टूबर को टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गई थी तो वहीं 16 अक्टूबर को पहला प्रैक्टिस सेशन हुआ। इस अभ्यास सत्र में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने जमकर नेट्स पर बल्लेबाजी अभ्यास किया, जिसमें कोहली बल्लेबाजी के दौरान अपने उसी पुराने अंदाज में दिखाई दिए। कोहली के लिए ये वनडे सीरीज काफी अहम रहने वाली है, जिसमें उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी। साल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने अभी से टीम की रूपरेखा को तैयार करना शुरू कर दिया है।
कोहली का ऑस्ट्रेलिया में अब तक दिखा शानदार प्रदर्शन
ऑस्ट्रेलिया में विराट कोहली का बल्ले से अब तक काफी शानदार रिकॉर्ड देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने वहां पर अब तक 29 मुकाबले खेले हैं और उसमें 51.04 के औसत से 1327 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। कोहली के बल्ले से ऑस्ट्रेलिया में अब तक 5 शतकीय और 6 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली हैं। ऐसे में विराट कोहली अपने इसी रिकॉर्ड को जारी रखना चाहेंगे और यदि ऐसा होता है तो वह कई नए रिकॉर्ड बनाने में कामयाब होंगे।


