विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में मेजबान भारत को लगातार दूसरी हार मिली है। साउथ अफ्रीका के बाद इंडिया विमेंस को डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट से हरा दिया। विशाखापट्टनम में रविवार को भारत ने 330 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ने 49 ओवर में 7 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया ने विमेंस वनडे इतिहास का सबसे बड़ा टारगेट चेज किया। टीम ने श्रीलंका का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 305 रन बनाए थे। यह भारत के खिलाफ किसी भी टीम का सबसे बड़ा रन चेज रहा।
भारत को हराकर ऑस्ट्रेलिया विमेंस टीम वर्ल्ड कप के पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई। टीम के 4 मैचों में 3 जीत और एक बेनतीजा मैच से 7 पॉइंट्स हो गए। 6 पॉइंट्स के साथ इंग्लैंड दूसरे नंबर पर है। भारत और साउथ अफ्रीका के 4-4 पॉइंट्स हैं, लेकिन बेहतर रन रेट के कारण मेजबान टीम तीसरे नंबर पर है।
एलिस पेरी ने विनिंग सिक्स लगाया

आखिरी 2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को 13 रन चाहिए थे। स्नेह राणा 49वां ओवर फेंकने आईं। उन्होंने शुरुआती 5 गेंदों पर 7 रन दे दिए। आखिरी गेंद पर एलिस पेरी ने आगे निकलकर छक्का लगाया और टीम को 3 विकेट से करीबी जीत दिला दी। पेरी ने 52 गेंद पर 47 रन की पारी खेली।
एलिस पेरी 16 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गई थीं। वे 6 विकेट गिरने के बाद फिर बैटिंग करने उतरीं। लोअर ऑर्डर बैटर्स के साथ पारी संभाली और टीम को 6 गेंद बाकी रहते हुए जीत दिला दी।


