वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय विमेंस टीम की खिलाड़ी भी पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाएंगी। यह जानकारी न्यूज एजेंसी PTI को BCCI के एक अधिकारी ने दी है।
उन्होंने बताया कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड सरकार के साथ पूरी तरह से तालमेल में है। विमेंस मैच में भी टॉस पर कोई हैंडशेक नहीं होगा। साथ ही मैच रेफरी के साथ कोई फोटो-शूट नहीं होगा और खेल खत्म होने के बाद भी कोई हैंडशेक नहीं होगा।
इंडियन विमेंस टीम 5 अक्टूबर को कोलंबो में पाकिस्तानी विमेंस के साथ मैच खेलने उतरेगी। एशिया कप में भारत की मेंस टीम ने पाकिस्तान से 3 मैच खेले और तीनों जीते, लेकिन एक भी मैच में टीम ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया।
एशिया कप में भारतीय टीम ने ट्रॉफी नहीं ली 28 सितंबर को दुबई में एशिया कप के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया था। मैच के बाद कॉन्फ्रेंस में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) चीफ मोहसिन नकवी भारत को टॉफी देने में अड़े थे। लेकिन भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इससे साफ इनकार कर दिया था।
इसके बाद मंगलवार को ACC की एनुअल जनरल मीटिंग में BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के पूछने पर उन्होंने कहा था कि ACC को लिखित में कहीं से यह सूचना नहीं दी गई थी कि भारतीय टीम मुझसे ट्रॉफी नहीं लेगी। मैं तो वहां बिना वजह एक कार्टून की तरह खड़ा था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बैठक में ACC और PCB चीफ मोहसिन नकवी से पूछा था कि विजेता टीम को ट्रॉफी क्यों नहीं दी गई? यह ACC की ट्रॉफी है, इसे औपचारिक तरीके से विजेता टीम को सौंपा जाना चाहिए था।
भारतीय विमेंस टीम ने श्रीलंका को 59 रन से हराया भारतीय महिला टीम ने विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में जीत से शुरुआत की। टीम ने मंगलवार को ओपनिंग मैच में श्रीलंका को 59 रन के बड़े अंतर से हराया। गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में 271 रन चेज कर रही श्रीलंकाई टीम 45.4 ओवर में 211 रन पर ऑलआउट हो गई। दीप्ति शर्मा को 3 विकेट के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।


