नई दिल्ली: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से हो रही है। इस टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले सभी 6 टीमों के कप्तानों की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक अजीब स्थिति देखने को मिली। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हाथ नहीं मिलाया। यह घटना तब हुई जब दोनों टीमें टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले एक साथ आई थीं।
सलमान आगा से नहीं की सूर्या ने बात
दोनों देशों के बीच तनाव
भारत और पाकिस्तान के रिश्ते पहलगाम हमले के बाद बहुत खराब हो गए हैं। कई लोगों ने पाकिस्तान के साथ पूरी तरह से बहिष्कार करने की मांग की थी। कुछ लोगों ने यह भी कहा था कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेलने के लिए एशिया कप से बाहर हो जाना चाहिए। सूर्यकुमार यादव के लिए यह एक मुश्किल स्थिति थी। एशिया कप को लेकर भारत में पहले से ही काफी विरोध हो रहा है। शायद इसी वजह से दोनों कप्तानों ने एक-दूसरे से बचने की कोशिश की।
मैदान पर दिखेगी आक्रमकता
सूर्यकुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘मैदान पर आक्रामकता हमेशा रहती है। आक्रामकता के बिना हम यह खेल नहीं खेल सकते। मैं आक्रामकता के साथ मैदान पर उतरने को लेकर उत्साहित हूं।’ उनसे पूछा गया था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में क्या खिलाड़ी आक्रामकता कम करेंगे। इस साल की शुरुआत में पहलगाम में आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत के बाद भारत और पाकिस्तान में सीमा पर तनाव और भारतीय सेना के आपरेशन सिंदूर के बाद दोनों टीमों के बीच यह पहला मुकाबला है। पाकिस्तानी कप्तान सलमान ने कहा, ‘अगर कोई आक्रामक होना चाहता है तो वह ऐसा कर सकता है। किसी खिलाड़ी को कुछ कहने की जरूरत नहीं है क्योंकि सभी अलग हैं।’


