राजगीर (बिहार): एशिया कप 2025 के सुपर-4 के अपने अंतिम मैच में भारत ने चीन को 7-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह बना ली है।
फाइनल में भारत का सामना कोरिया से होगा। चीन के खिलाफ मुकाबले में पहले क्वार्टर से ही भारतीय टीम ने हमला करना शुरू कर दिया था। मैच के चौथे मिनट में ही शिलानंद लाकड़ा ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल दाग दिया। इसके बाद दिलप्रीत ने 7वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर रिबॉउंड गोल कर भारत की बढ़त को 2-0 की कर दी। टीम इंडिया का आक्रमण यहीं पर नहीं रुका। दूसरे क्वार्टर के खेल में मनदीप सिंह ने बेहतरीन गोल कर भारतीय टीम की बढ़त 3-0 से आगे कर दिया।
पहले 2 क्वार्टर में ही चीन का डिफेंस बुरी तरह से ध्वस्त हो गया। भारतीय टीम अपने से गेंद को चीन के गोल पोस्ट में डाल रहे थे। तीसरे क्वार्टर में तो चीन की हालत और खराब हो गई। भारत के लिए 37वें मिनट में राजकुमार पाल और 39वें मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर टीम इंडिया की बढ़त को 5-0 कर दिया।
अंतिम क्वार्टर के पहले मिनट में भारत का गोल
अंतिम के क्वार्टर के खेल लिए दोनों टीमें जैसे ही मैदान पर उतरी शुरुआती मिनट में ही अभिषेक ने गेंद को गोल पोस्ट में धकेल दिया। इस गोल के साथ ही चीन 6-0 से पिछड़ गई। इस क्वार्टर के 50वें मिनट में अभिषेक ने भारत के लिए 7वां गोल दागा। इसके बाद भी भारतीय टीम गोल की कोशिश में लगी रही, लेकिन चीन के रक्षापंक्ति को वह आखिरी के मिनट में नहीं भेद पाए।
बता दें कि हॉकी एशिया कप 2025 में भारत और चीन दूसरी बार एक दूसरे आमने सामने हुई थी। दोनों के बीच पहली टक्कर लीग स्टेज में हुई थी। इस मुकाबले में भारत रोमांचक जीत दर्ज की थी। वहीं सुपर-4 के मैच में उसने चीन को एकतरफा अंदाज में हरा दिया।