नई दिल्ली: भारतीय टीम एशिया कप 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में उतरेगी। पिछले साल टी20 विश्व कप जीतने के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद चयनकर्ताओं ने मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को कप्तानी की जिम्मेदारी दी थी। टीम इंडिया उनकी कप्तानी में लगातार कमाल का प्रदर्शन कर रही है। अब एशिया के सबसे बड़े क्रिकेटिंग इवेंट में सूर्या भारत की कमान संभालेंगे।
सूर्यकुमार यादव रंग में दिख रहे
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव एशिया कप 2025 के लिए जमकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बैटिंग करते हुए अपना वीडियो शेयर किया है। इसमें वह बेहतरीन टच में दिख रहे हैं। नेट्स पर सूर्यालेग साइट से लेकर ऑफ साइड तक हर तरह के शॉट खेल रहे हैं। इसके वीडियो के साथ उन्होंने सूर्यवंशी फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक लगाया है।
आईपीएल 2025 के बाद सूर्यकुमार यादव की सर्जरी हुई थी। उन्हें पेट के निचले दाहिने हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के लिए जर्मनी जाना पड़ा था। एक समय यह बात होने लगी थी कि सूर्यकुमार यादव एशिया कप के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं। हालांकि अब वह टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं। सूर्या टी20 में दुनिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में गिने जाते हैं और इसी वजह से टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं।


