नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप के लिए कमर कस चुकी है। टूर्नामेंट में टीम इंडिया का पहला मुकाबला 10 सितंबर को होगा। टीम इंडिया ने हाल ही में एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल हैं। वहीं बुमराह को लेकर साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स ने एक बड़ी भविष्यवाणी की है।
डिविलियर्स ने जसप्रीत बुमराह को लेकर कहा है कि वह शायद टूर्नामेंट के हर मैच में नहीं खेलेंगे। उनका मानना है कि बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए ऐसा किया जाएगा। 31 साल के बुमराह हाल के सालों में लगातार चोट से जूझ रहे हैं। एशिया कप से पहले बुमराह इंग्लैंड दौरे पर भी वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत वे पांच में से सिर्फ तीन टेस्ट में ही मैदान पर उतरे थे।
बुमराह को लेकर एबी डिविलियर्स ने क्या कहा?
डिविलियर्स ने बुमराह को लेकर कहा, ‘बुमराह को टीम में देखकर बहुत अच्छा लगा। वह फिट हैं और खेलने के लिए तैयार हैं। मुझे नहीं लगता कि वह सभी मैच खेलेंगे। मैंने कुछ रिपोर्ट देखी, जिनमें कहा गया था कि उन्हें केवल महत्वपूर्ण मैचों के लिए चुना जाएगा और मुझे चयनकर्ताओं का यह सक्रिय रवैया बहुत पसंद आया। अपने सीनियर और सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों को इसी तरह मैनेज करना चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘ऐसा नहीं है कि बुमराह अपनी पसंद से ऐसा कर रहे हैं। आजकल बहुत ज्यादा क्रिकेट हो रहा है। आपके सीनियर खिलाड़ियों पर इतने सालों की मेहनत का असर दिखता है। एक बार जब आप इन खिलाड़ियों को मैनेज करना शुरू करते हैं तो आपको उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मिलता है और मुझे यह पसंद है कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ ऐसा करना शुरू कर दिया है।’


