नईदिल्ली।9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच मैच होगा। भारत सरकार ने गुरुवार को इसकी अनुमति दे दी है। सरकार ने कहा- मल्टीनेशनल टूर्नामेंट में पाकिस्तान से खेलने पर रोक नहीं है। दोनों देशों में द्विपक्षीय सीरीज नहीं होगी।
इंटरनेशनल और मल्टीनेशनल इवेंट्स (चाहे भारत में हों या विदेश में) में भारत इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के नियमों और अपने खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेगा।
- भारतीय टीमें और खिलाड़ी उन इंटरनेशनल इवेंट्स जैसे- कॉमनवेल्थ गेम्स, ओलिंपिक, क्रिकेट, हॉकी वर्ल्ड कप आदि में हिस्सा लेंगे, जिनमें पाकिस्तानी टीमें और खिलाड़ी खेलेंगे। यह ठीक वैसा ही है, जैसे भारत में होने वाले मल्टीनेशनल इवेंट्स में पाकिस्तान, खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे।
- भारत को इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स की मेजबानी के लिए पसंदीदा जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों, अधिकारियों, तकनीकी कर्मचारियों, इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों की वीजा प्रोसेस आसान की जाएगी।
- इंटरनेशनल खेल संस्थाओं के पदाधिकारियों को उनकी कार्यावधि की अवधि (अधिकतम 5 साल तक) के लिए प्राथमिकता के आधार पर मल्टी-एंट्री वीजा भी दिया जाएगा, ताकि वे देश में आसानी से आ-जा सकें।
नई खेल नीति में भारत सरकार ने यह तो स्पष्ट किया है कि हम पाकिस्तानी टीम या खिलाड़ियों को मल्टीनेशन इवेंट्स के लिए भारत आने से नहीं रोकेंगे, लेकिन यह नहीं बताया कि भारत ऐसे इवेंट्स में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान जाएगा या नहीं। भारत ने इसी साल फरवरी-मार्च में अयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान जाने से मना किया था। ऐसे में मेजबान पाकिस्तान को भारत के मैच में UAE में कराने पड़े थे और दुबई में फाइनल खेला गया था।


