चेन्नई।भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन अपनी मौजूदा आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए दिए गए बयान को लेकर चर्चा में हैं। अश्विन के बयान पर सीएसके ने भी जवाब दिया है। ऐसे में एक बार फिर अश्विन ने अपनी सफाई पेश की है। हाल के दिनों में अश्विन को लेकर जो भी चर्चाएं हुई है उसे देखते हुए अब इस नए मामले ने दोनों के बीच के संबंध में जरूर तल्खियां बढ़ा दी होगी। ऐसे में आइए जानते हैं अश्विन ने क्या अब नया क्या कहा है।

दरअसल अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर ब्रेविस के मौजूदा फॉर्म पर चर्चा करते हुए कहा था कि सीएसके ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के लिए थोड़ा ज्यादा पैसे दिए थे। फ्रेंचाइजी ने अपनी ओर से सफाई दी और बताया कि उन्होंने सभी नियमों को ध्यान में रखते हुए ब्रेविस को साइन किया था। सीएसके ने गुरजपनीत को ऑक्शन में 2.2 करोड़ में खरीदा था, जबकि ब्रेविस का बेस प्राइस 75 लाख था। ऐसे में रिप्लेसमेंट पर ब्रेविस को 2.2 करोड़ ही मिले हैं उन्हें कोई एक्स्ट्रा पैसा नहीं दिया गया।
सीएसके के इस बयान पर अब अश्विन ने भी जवाब दिया है। उन्होंने कहा, ‘मैं सिर्फ यही कहना चाहूंगा कि मुझे सोशल मीडिया पर बातचीत करने से ज्यादा अपने क्रिकेट पर फोकस करना अच्छा लगता है। हम यूट्यूब पर अपनी वीडियो इसलिए बनाते हैं कि हम अपनी बात रखें। हमारी वीडियो लोग देखते हैं और इसमें कोई गलत बात नहीं है। हालांकि, जो नहीं देखते हैं वो हमारी बात को घुमाकर अपने खुद के मन से बोल देते हैं।’ ऐसे में अश्विन का मानना है कि उनकी बातों को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है।


