भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है, जहां इंग्लैंड को जीतने के लिए अभी 35 रन की जरूरत है। वहीं भारतीय टीम को जीतने के लिए चार विकेट की आवश्यकता है। ये मैच किसी भी तरफ मुड़ सकता है। इंग्लैंड के चोटिल प्लेयर क्रिस वोक्स के खेलने को लेकर अब जो रूट ने बड़ा अपडेट दिया है। इससे भारतीय टीम की चिंता जरूर बढ़ गई होगी।
क्रिस वोक्स को लगी चोट
पांचवें टेस्ट मैच में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स को फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी। गेंद रोकने के चक्कर में वह घिसटते हुए बाउंड्री के बाहर चले गए। फिर मेडिकल टीम ने उनकी जांच की और उन्हें ग्राउंड से बाहर ले जाया गया। बाद में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस बात की पुष्टि की थी कि वह ओवल टेस्ट में हिस्सा नहीं लेंगे।
पहली पारी में खेलने नहीं उतरे थे क्रिस वोक्स
इसके बाद जब इंग्लैंड की टीम पहली पारी में खेलने उतरी, तो क्रिस वोक्स बल्लेबाजी के लिए नहीं आए और 9 विकेट गिरते ही इंग्लैंड की पारी समाप्त हो गई। इंग्लैंड ने पहली पारी में 247 रन बनाए थे। ऐसे में भारतीय फैंस ये उम्मीद लगाए थे कि दूसरी पारी में भी वह बैटिंग ना करने आए, तो भारत को जीतने के लिए सिर्फ तीन और विकेट लेने पड़ेंगे, क्योंकि टीम इंडिया 6 विकेट ले चुकी है। लेकिन अब जो रूट ने बताया है कि वह चोटिल होने के बाद भी खेलने के लिए तैयार हैं। ऐसे में टीम इंडिया को जीत के लिए अब 4 विकेट और लेने होंगे।
जो रूट ने कही ये बात
इंग्लैंड के सुपरस्टार बल्लेबाज जो रूट ने इस बात की पुष्टि की है कि क्रिस वोक्स मैच के आखिरी दिन जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं। रूट ने कहा कि आपने शायद उन्हें ड्रेसिंग रूम में सफेद कपड़ों में देखा होगा। वह भी हम सब की तरह पूरी तरह से मैदान में हैं। यह उस तरह की सीरीज रही है जहां खिलाड़ियों को अपना शरीर दांव पर लगाना पड़ा है। एक समय पर उन्होंने कुछ थ्रोडाउन किए थे और जरूरत पड़ने पर वह तैयार हैं। जो कुछ उन्होंने झेला है उसके बाद वह बहुत दर्द में हैं। वह इंग्लैंड के लिए अपना शरीर दांव पर लगाने को तैयार हैं। उम्मीद है कि उन्हें ऐसा न करना पड़े, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो वह हमें जीत दिलाने और एक अविश्वसनीय सीरीज जीतने में मदद करेंगे।
और इंग्लैंड के बीच पांचवें टेस्ट का रण अब अपने अंतिम दिन की ओर बढ़ चुका है। चौथे दिन के आखिर में खराब रोशनी की वजह से खेल को रोकना पड़ा। इसके बाद फिर बारिश आ गई। इंग्लैंड क्रिकेट टीम टारगेट से अभी 35 रन पीछे है और भारतीय टीम को जीत के लिए बस चार विकेट की आवश्यकता है। ऐसे में ये रोमांचक मुकाबला किसी भी तरफ मुड़ सकता है।
बारिश होने की पूरी उम्मीद
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक पांचवें दिन भी बारिश की पूरी संभावना है। चार अगस्त को लंदन में बारिश की संभावना 60% तक है। वहीं वहां के स्थानीय समयानुसार मैच शुरू होने का समय 11 बजे है, तब बारिश की संभावना 5% तक है। लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद दोपहर 2 बजे, 3 बजे और 4 बजे बारिश की संभावना क्रमशः 60%, 49% और 60% हो जाएगी। शाम 5 बजे बारिश की 27% संभावना है।
मैच का निकल सकता है नतीजा
इंग्लैंड की टीम को सिर्फ 35 रन ही बनाने हैं। ऐसे में अगर शुरुआती एक घंटे का भी खेल सही से हो गया तो मैच का नतीजा आना निश्चित है और शुरुआती घंटे में बारिश की संभावना कम है। भारत के नजरिए से देखें तो तीन अगस्त को बारिश हुई है और अगले दिन बादल छाए रहेंगे। ऐसे में पिच से फास्ट बॉलर्स को मदद मिल सकती है और बॉलर्स चार विकेट और चटका देते हैं, तो उनके लिए ये किसी करिश्मे से कम नहीं होगा।
जो रूट और हैरी ब्रूक ने लगाए शतक
भारतीय टीम ने पांचवें टेस्ट मैच में इंग्लैंड की टीम को जीतने के लिए 374 रनों का टारगेट दिया है, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने अभी तक 6 विकेट के नुकसान पर 339 रन बना लिए हैं और उसे जीत के लिए 35 रनों की जरूरत है। क्रीज पर जैमी स्मिथ और जैमी ओवरटन मौजूद हैं। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रूक और जो रूट ने शतक लगाए हैं। इन दोनों प्लेयर्स की वजह से इंग्लैंड मैच में ड्राइविंग सीट पर पहुंच पाई है। रूट ने 105 रन और ब्रूक ने 111 रन बनाए हैं। भारत के लिए अभी तक प्रसिद्ध कृष्णा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए हैं। मोहम्मद सिराज के खाते में दो विकेट गए हैं।


