मैनचेस्टर: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाज आकाशदीप के कमर की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से बाहर होने की पुष्टि करते हुए कहा कि युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज बुधवार से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट मैच में पदार्पण करने के करीब हैं। गिल ने कहा कि ओल्ड ट्रैफर्ड में तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा और कंबोज में से किसी एक को चुना जाएगा। तीसरे टेस्ट के बाद बेकेनहम में अभ्यास के दौरान अर्शदीप सिंह के हाथ में चोट लगने के बाद कंबोज को मौका मिलने वाला है।
गिल ने मैच की पूर्व संध्या पर मंगलवार को कहा, ‘खिलाड़ी जब चोटिल होते हैं तो यह कभी आसान नहीं होता है। नीतीश पूरी श्रृंखला से बाहर है और आकाश भी इस मैच के लिए अनुपलब्ध हैं। हमारे पास हालांकि 20 विकेट लेने के लिए पर्याप्त अच्छे खिलाड़ी हैं।’ कंबोज ने सोमवार को टीम के अभ्यास सत्र में पूरे दमखम के साथ गेंदबाजी की थी। भारतीय कप्तान ने कहा, ‘कंबोज कल अपना पदार्पण करने के करीब है। एकादश में उसे मौका मिलेगा या प्रसिद्ध कृष्णा को इसका पता आपको कल चल जायेगा।’