लंदन।: भारत की स्टार महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। मंधाना ने हरमनप्रीत कौर की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाली और कप्तानी शतक जड़ा।
इसके साथ ही उनका नाम भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की सूची में भी दर्ज हो गया। आइए जानते हैं मंधाना के नाम दर्ज हुए कौन से रिकॉर्ड?
शेफाली-मंधाना ने दिलाई तेज शुरुआत
इंग्लैंड ने भारतीय टीम को टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की जोड़ी पारी की शुरुआत करने उतरी। दोनों ने आतिशी अंदाज में पहले विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी 8.3 ओवर में की।
51 गेंद में जड़ा टी20आई में पहला शतक
शेफाली वर्मा के आउट होने के बाद मंधाना पिच पर टिकी रहीं और अपना अर्धशतक 27 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और 51 गेंद में अंतरराष्ट्रीय टी20 में पहला शतक 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से पूरा किया।खत्म हुआ 12 साल का इंतजार
स्मृति को अंतरराष्ट्रीय टी20 में अपने पहले शतक के लिए 12 साल इंतजार करना पड़ा। अप्रैल 2013 में मंधाना ने बांग्लादेश के खिलाफ वडोदरा में भारत के लिए टी20 डेब्यू किया था और जून 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 में शतक जड़ने में सफल हुईं। इससे पहले T20I में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 87 रन रहा था।
स्मृति मंधाना सुरेश रैना, रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, शुभमन गिल के बाद तीनों फॉर्मेट में शतक जड़ने वाले भारतीय क्रिकेटर बनीं हैं। उन्होंने 7 टेस्ट में 2, 102 वनडे में 11 और 149 टी20आई मैच में एक शतक जड़ा है।


