मुंबई।मुंबई इंडियंस ने IPL 2025 के प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया है। टीम ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स को 59 रन से हराया। MI प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनी है। गुजरात, बेंगलुरु और पंजाब पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं।
वानखेड़े स्टेडियम पर 181 रन का टारगेट चेज कर रही दिल्ली की टीम 18.2 ओवर में 121 रन पर ऑलआउट हो गई। समीर रिजवी ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने 3-3 विकेट झटके।
टॉस हारकर बैटिंग कर रही मुंबई ने 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 73 रन बनाए। उन्होंने नमन धीर के साथ मिलकर आखिरी 12 गेंदों पर 48 रन जोड़े। नमन ने 8 बॉल पर नाबाद 24 रन बनाए। दिल्ली से मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए।
बुमराह ने रहमान को बोल्ड किया, दिल्ली 121 रन पर ऑलआउट
19वां ओवर डाल रहे जसप्रीत बुमराह ने मुस्तफिजुर रहमान को बोल्ड कर दिया। इसी के साथ दिल्ली 121 रन पर ऑलआउट हो गई है। मुंबई ने इस मुकाबले को 59 रनों से जीतकर प्लेऑफ में जगह बना ली है।
पारी के आखिरी ओवर में 21 रन बने, मुंबई का स्कोर 180/5
मुंबई की पारी का आखिरी ओवर डाल रहे दुष्मंथा चमीरा ने 21 रन खर्च किए। सूर्या और नमन की जोड़ी ने इस ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाए। इस तरह मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बना लिए। सूर्या 73 और नमन धीर 24 रन पर नाबाद लौटे।


