मुंबई: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें गुजरात को डीएलएस नियम से 3 विकेट से जीत मिली। पहले खेलते हुए मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट पर 155 रन बनाए थे। गुजरात की पारी के दौरान दो बार बारिश आई। पहले 14वें ओवर के बाद आई तो टीम का स्कोर 2 विकेट पर 107 रन था। डकवर्थ लुईस नियम के अनुसार टीम आगे थी। इसके बाद 18वां ओवर खत्म होते ही बारिश की वजह से मैच रुका। इस बार टीम 5 रनों से पीछे थी। इसके बाद मैच फिर शुरू हुआ। गुजरात को एक ओवर में 15 रन बनाने का लक्ष्य मिला। टीम को आखिरी गेंद पर जीत मिली। इस जीत ने गुजरात को टेबल में टॉप पर पहुंचा दिया है।
जैक्स ने मुंबई के लिए फिफ्टी ठोकी
विल जैक्स ने दो जीवनदान के दम पर अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 35 गेंद की पारी में पांच चौके और तीन छक्के जड़कर 53 रन बनाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए सूर्यकुमार यादव के साथ 43 गेंद में 71 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी लेकिन शुभमन गिल की शानदार कप्तानी और गेंदबाजों के कमाल के प्रदर्शन से इस साझेदारी के टूटने के बाद मुंबई की टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही जिससे रनगति पर ब्रेक लग गया।
सूर्यकुमार यादव ने 24 गेंद में 35 रन की पारी खेली जिससे वह मौजूदा सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये। कोर्बिन बॉश (22 गेंद में 27 रन) ने आखिरी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा के खिलाफ दो छक्के जड़कर टीम को 150 रन तक पहुंचाया। गुजरात के लिए साई किशोर ने दो जबकि मोहम्मद सिराज, अरशद खान, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा और गेराल्ड कोएत्जी ने एक-एक विकेट लिये। राशिद ने चार ओवर में सिर्फ 21 रन खर्च कर लय में वापसी के संकेत दिये।


