चेन्नई।रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL-2025 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। शुक्रवार को टीम ने चेन्नई सुपर किंग्स को 50 रन से हराया। बेंगलुरु ने 17 साल के बाद चेन्नई को उसी के घर में हराया। पिछली बार टीम ने 2008 के सीजन में जीत हासिल की थी।
चेपॉक स्टेडियम में 197 रन का टारगेट चेज कर रही चेन्नई की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन ही बना सकी। पूर्व कप्तान एमएस धोनी 16 बॉल पर 30 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने 3 चौके और दो छक्के लगाए। रचिन रवींद्र ने सबसे ज्यादा 41 रन की पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने 25 रन बनाए। जोश हेजलवुड ने 3 विकेट लिए। यश दयाल और लियम लिविंगस्टन को 2-2 विकेट मिले। एक विकेट भुवनेश्वर के खाते में आया।
इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग कर रही बेंगलुरु ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 51 रन बनाए। फिल सॉल्ट 32, विराट कोहली 31 और देवदत्त पडिक्कल 27 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई से नूर अहमद ने 3 और मथीश पथिराना ने 2 विकेट लिए। रविचंद्रन अश्विन और खलील अहमद को 1-1 विकेट मिला।
50 रन से जीता RCB, धोनी ने लगातार दो छक्के लगाए
RCB ने लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है। टीम ने चेन्नई को 50 रन से हराया। मुकाबले के आखिरी ओवर में एमएस धोनी ने क्रुणाल पंड्या की बॉल पर लगातार दो छक्के लगाए। इस ओवर में 16 रन बने, लेकिन चेन्नई जीत नहीं सकी।
यश दयाल को ओवर में दो विकेट, रचिन-दुबे आउट
13वें ओवर में चेन्नई ने दो विकेट गंवाए। यश दयाल ने इस ओवर में महज 6 रन दिए।
- पहली बॉल पर यश दयाल ने रचिन रवींद्र (41 रन) को बोल्ड कर दिया।
- 5वीं बॉल पर यश दयाल ने शिवम दुबे को बोल्ड किया।
चेन्नई की खराब शुरुआत, पावरप्ले में 3 बैटर्स आउट
197 रन का टारगेट चेज कर रही चेन्नई की शुरुआत खराब रही है। टीम ने शुरुआती 6 ओवर में 3 विकेट गंवाकर 30 रन बनाए हैं। दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी और ऋतुराज गायकवाड पवेलियन लौट चुके हैं।
कप्तान गायकवाड खाता भी नहीं खोल सके

चेन्नई सुपर किंग्स ने दूसरे ही ओवर में 2 विकेट गंवा दिए। जोश हेजलवुड ने दूसरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी और छठी गेंद पर कप्तान ऋतुराज गायकवाड को कैच कराया। त्रिपाठी ने 5 रन बनाए, गायकवाड खाता भी नहीं खोल सके।


