न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ 5 मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। टीम ने दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया। डुनेडिन में मंगलवार को खेले गए मुकाबले में मेजबान न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी।
कीवियों ने पाकिस्तान की टीम को 15 ओवर में 9 विकेट पर 135 रन पर रोक दिया। फिर 13.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर जीत के लिए जरूरी रन बना लिए। बारिश के कारण इस मुकाबले को 15-15 ओवर का कर दिया गया था। न्यूजीलैंड के टिम साईफर्ट प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।
स्थानीय समय के अनुसार मुकाबला दोपहर 2:15 बजे शुरू होना था, लेकिन टॉस से पहले बारिश आ गई। ऐसे में मुकाबला 3:30 बजे के बाद शुरू हो सका।
पाकिस्तान ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए टॉस हारकर बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम ने पहले ओवर में ही ओपनर हसन नवाज का विकेट गंवा दिया। उन्हें जैकब डफी ने मार्क चैपमैन के हाथों कैच कराया। टीम ने 52 रन बनाने में 4 विकेट गंवा दिए थे।
कप्तान आगा सलमान (46 रन) के अलावा, कोई अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शादाब खान ने 26 और शाहीन अफरीदी ने नाबाद 22 रन बनाए। न्यूजीलैंड से जैकब डफी, बेन सायरस, जिमी नीशाम और ईश सोढ़ी ने 2-2 विकेट लिए।


