नईदिल्ली।इंग्लैंड के 100 गेंदों के क्रिकेट टूर्नामेंट द हंड्रैड के ऑक्शन में सभी पाकिस्तानी खिलाड़ी अनसोल्ड हो गए। टूर्नामेंट के ड्राफ्ट के लिए 50 पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से एक भी नहीं बिका। ड्रॉफ्ट में नसीम शाह, सइम अयूब और शादाब खान सहित 45 पुरुष क्रिकेटर शामिल थे।
नसीम और शादाब टॉप कैटेगरी में थे जिसमें कीमत 120000 पाउंड (1.35 करोड़ रुपए) थी जबकि अयूब 78500 पाउंड ( 88 लाख, 27 हजार, 701 रुपए) वाले वर्ग में थे । वहीं महिला क्रिकेटरों में आलिया रियाज,फातिमा सना,युसरा आमिर, इरम जावेद और जावेरिया रऊफ जैसी खिलाड़ियों के नाम थे। जिन्हें किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा।

द हंड्रैड के 8 में से 4 टीमों में IPL फ्रेंचाइजियों की हिस्सेदारी द हंड्रैड लीग के 8 में से 4 टीमों में IPL फ्रेंचाइजियों ने हिस्सेदारी ली है। पिछले सीजनों तक द हंड्रेड लीग की टीमों का मालिकाना हक इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के पास था। मगर आगामी सीजन से पूर्व कुल आठ टीमों में से 4 टीमों में IPL फ्रैंचाइजियों ने हिस्सेदारी ले ली है। मुंबई इंडियंस ने द ओवल इनविंसिबल्स टीम में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने मैंचेस्टर ऑरिजिनल्स में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीद ली है। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद का मालिकाना हक रखने वाले सन ग्रुप ने नॉर्थर्न सुपरचार्जर्स का पूरा मालिकाना हक ले लिया है। दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने भी साउदर्न ब्रेव में 49 प्रतिशत और भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी संजय गोविल ने वेल्श फायर में 50 प्रतिशत हिस्सा ले लिया है।
ऑक्शन में पाकिस्तानी क्रिकेटरों को खरीदार नहीं मिलने की वजह IPL टीमों की हिस्सेदारी द हंड्रैड में पाकिस्तानी क्रिकेटरों को खरीदार नहीं मिलने की सबसे बड़ी वजह IPL टीमों की हिस्सेदारी को माना जा रहा है। इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन भी इसकी एक वजह है। चैंपियंस ट्रॉफी के टॉप-15 विकेटटेकर और टॉप-15 बल्लेबाजों में एक में भी पाकिस्तानी प्लेयर नहीं है।
IPL से भी बैन हैं पाकिस्तानी खिलाड़ी IPL 2008 में शोएब अख्तर, शाहिद अफरीदी और सोहेल तनवीर जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते हुए नजर आए थे। मगर 2009 के बाद IPL से पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बैन लगा दिया गया था। वहीं वसीम अकरम और रमीज राजा जैसे नामी पाकिस्तानी क्रिकेटर कमेंटेटर के तौर पर अब भी IPL से जुड़े हैं। SA20 लीग में भी सभी 6 टीमों का मालिकाना हक IPL फ्रैंचाइजियों के पास है, उस लीग में भी पाकिस्तान का कोई खिलाड़ी नहीं खेलता है।


