अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी के 8वें मैच में इंग्लैंड को 8 रन से हराया। अजमतुल्लाह ओमरजई ने आखिरी ओवर में 13 रन डिफेंड किए। बुधवार को 326 रन का टारगेट चेज कर रही इंग्लैंड 49.5 ओवर में 317 रन पर ऑलआउट हो गई। इसी के साथ इंग्लैंड इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में अफगानिस्तान ने बैटिंग चुनी। टीम ने इब्राहिम जादरान की सेंचुरी के दम पर 7 विकेट खोकर 325 रन बनाए। जादरान ने 146 बॉल पर 177 रन की पारी खेली। इसमें 12 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। जादरान इस टूर्नामेंट में हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं।
इंग्लिश टीम की ओर से जो रूट ने 120 रन की पारी खेली। बेन डकेट और जोस बटलर ने 38-38 रन बनाए। जैमी ओवर्टन 32 रन ही बना सके। अफगानिस्तान की ओर से ओमरजई ने 5 विकेट झटके। 2 विकेट मोहम्मद नबी को मिले।
कैसे बाहर हुआ इंग्लैंड? ग्रुप-बी में 4 टीमें हैं, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान और इंग्लैंड। एक ग्रुप से 2 ही टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। सभी टीमों के 2-2 मैच होने के बाद साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया 3-3 पॉइंट्स के साथ टॉप-2 पोजिशन पर हैं।
अफगानिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर 2 पॉइंट्स हासिल किए, टीम तीसरे नंबर पर है। इंग्लैंड एक भी मैच जीत नहीं सकी, टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी मैच जीतकर भी 2 पॉइंट्स तक ही पहुंच सकेगी। जो टॉप-2 पोजिशन में पहुंचने के लिए काफी नहीं है। दूसरी ओर अफगानिस्तान ने अगर आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को हरा दिया तो टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।


