भारत और इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज की शुरुआत 22 जनवरी से हो रही है। कोलकाता में पहला मैच होगा। इंग्लैंड ने वैसे तो भारत को 46% टी-20 हराए हैं, लेकिन टीम ने भारत में इस फॉर्मेट की आखिरी सीरीज 14 साल पहले 2011 में जीती थी।
2011 में एमएस धोनी भारत के कप्तान थे। उनके बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टीम की कमान संभाली, लेकिन किसी को भी इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज नहीं गंवानी पड़ी। अब टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव और इंग्लिश टीम जोस बटलर की कप्तानी में 5 मैचों की सीरीज खेलेगी।
भारत ने इंग्लैंड को 54% टी-20 हराए
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 मैच 2007 के वर्ल्ड कप में खेला गया था। तब ग्रुप स्टेज मैच में भारत से युवराज सिंह ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ 1 ही ओवर में 6 छक्के लगा दिए थे। भारत ने यह मैच 18 रन से जीता था।
2007 से दोनों टीमों के बीच 24 टी-20 खेले गए। 54% यानी 13 में भारत और 11 में इंग्लैंड को जीत मिली। भारत में दोनों टीमों ने 11 मैच खेले, यहां भी टीम इंडिया आगे है। टीम ने 6 और इंग्लैंड ने 5 मैच जीते हैं।
भारत ने इंग्लैंड को लगातार 4 सीरीज हराईं
भारत और इंग्लैंड के बीच 2011 में पहली टी-20 सीरीज खेली गई थी। जिसमें भारत को हार मिली थी। 2014 तक दोनों टीमों के बीच कुल 4 सीरीज हुईं, 1 ड्रॉ रही, जबकि 3 में भारत को हार मिली।
2017 से 2022 तक दोनों टीमों ने 4 और सीरीज खेलीं। चारों में भारत को ही जीत मिली। 2 बार भारत ने इंग्लैंड को उसी के घर में हराया। भारत में दोनों के बीच 4 सीरीज हुईं। 1 ड्रॉ रही और 1 में इंग्लैंड को जीत मिली, जबकि 2 सीरीज टीम इंडिया ने जीतीं।


