भारत के ओलिंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को शादी कर ली। उन्होंने 2 दिन बाद रविवार को रात 9.36 बजे सोशल मीडिया पर अपनी शादी की 3 तस्वीरें पोस्ट कीं। फोटोज में उनकी पत्नी हिमानी और मां सरोज देवी नजर आए। 27 साल के नीरज ने सोशल मीडिया पर लिखा- जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की।

शादी की तस्वीरें पोस्ट कर चौंकाया नीरज चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें पोस्ट कर सभी को चौंकाया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में अपना और पत्नी हिमानी का नाम लिखा और दिल का इमोजी बनाया। उन्होंने इंग्लिश में लिखा, ‘सभी के आशीर्वाद का शुक्रगुजार हूं, जो हमारे इस मोमेंट में भागीदार बने। प्यार में बंधे, हमेशा के लिए खुश।’
कौन हैं नीरज की पत्नी हिमानी?
नीरज ने अपने ही राज्य हरियाणा के सोनीपत जिले के लड़सौली गांव की रहने वाली टेनिस प्लेयर हिमानी मोर के साथ 7 फेरे लिए। हिमानी USA से स्पोर्ट्स स्टडी कर रही हैं। उनके पिता चांद राम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से करीब 2 महीने पहले ही रिटायर हुए हैं। हिमानी के पिता ने गांव में खेल स्टेडियम बनवाया है। वे यहां खिलाड़ियों को सर्कल कबड्डी खिलाते हैं।

हनीमून के लिए विदेश गए नीरज
नीरज के चाचा सुरेंद्र चोपड़ा ने बताया कि शादी का कार्यक्रम बहुत ही गुपचुप तरीके से रखा गया था। शादी में सिर्फ लड़का और लड़की के परिवार के सदस्य शामिल हुए। गांव और रिश्तेदारी में भी किसी को शादी के बारे में नहीं पता था। सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सभी को शादी की सूचना मिली।
यह शादी 17 जनवरी को भारत में हुई है। नीरज अपनी दुल्हनिया के साथ आज यानी रविवार सुबह विदेश में घूमने के लिए गए हैं। उनके वापस भारत लौटने के बाद ही रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा।


