अगले साल फरवरी में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी पाकिस्तान में होगी या नहीं, इसका फैसला 29 नवंबर को होगा। ESPN की रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने दुबई में बोर्ड मीटिंग बुलाई है।
पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिलने के बाद भारत ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर वहां जाने से मना कर दिया था। तब यह माना जा रहा था कि एशिया कप की तरह चैंपियंस ट्रॉफी भी हाइब्रिड मॉडल पर होगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने पहले भारत के सभी मैच लाहौर में कराने और मैच के बाद खिलाड़ियों को भारत भेजने का प्रस्ताव रखा था। भारत ने इसे नहीं माना तो (PCB) ने हाइब्रिड मॉडल के लिए भी मना कर दिया।
ICC मीटिंग में हाइब्रिड मॉडल का प्रस्ताव रख सकता है, अगर PCB ने इसे नहीं माना तो उससे मेजबानी छिन सकती है। भारत पर पाकिस्तान जाकर खेलने का दबाव बनाने के चांस कम ही हैं।
2008 में मुंबई हमले के बाद से ही भारतीय टीम पाकिस्तान नहीं गई है।
पाकिस्तान ने स्टेडियम का रि-कंस्ट्रक्शन कराया पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 को लेकर लगातार तैयारी कर रहा है। PCB ने तीनों स्टेडियम का काम तकरीबन पूरा कर लिया है। उन्होंने लाहौर, कराची और रावलपिंडी स्टेडियम के रिनोवेशन पर 12.5 बिलियन पाकिस्तान रुपए खर्च किए हैं।
जबकि भारत सरकार ने पहले ही अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था। BCCI ने ICC को बताया था कि टीम टूर्नामेंट को पाकिस्तान में नहीं खेलेगी। यदि पाकिस्तान हाइब्रिड मॉडल पर नहीं मानता है, तो फिर टूर्नामेंट दूसरे देश में शिफ्ट हो सकता है।

ICC ने BCCI से पूछा था- टीम इंडिया को पाकिस्तान न भेजने की वजह बताएं ICC ने BCCI से चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम को पाकिस्तान न भेजने के लिए लिखित में जवाब मांगा था। ANI ने पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज की रिपोर्ट के हवाले से लिखा, PCB ने ICC से भारत के जवाब की लिखित कॉपी मांगी है।
PCB ने ICC को लिखा था- पाकिस्तान क्यों नहीं आ सकता भारत पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम इंडिया के पाकिस्तान न जाने को लेकर ICC से जवाब मांगा था। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, PCB स्पोक्सपर्सन ने बताया था पाकिस्तान में सुरक्षा की दिक्कत नहीं है। इसीलिए न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमों ने यहां का दौरा किया था। जब ये टीमें आ सकती हैं तो टीम इंडिया क्यों नहीं?


