भारत ने टेस्ट सीरीज के बाद टी20 में बांग्लादेश के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की. गेंदबाजों के साथ-साथ बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर उसने ग्वालियर में खेले गए पहले मुकाबले में बांग्लादेशी टीम को हरा दिया।. टीम इंडिया ने 3 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में 07 विकेट से जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. अब दूसरा मुकाबला 9 अक्टूबर को दिल्ली में खेला जाएगा.
भारत के सामने बांग्लादेश पस्त
बॉलर्स ने बरपाया कहर
भारत ने बांग्लादेश को 19.5 ओवर में 127 रन पर समेट दिया. बांग्लादेशी टीम के लिए मेहदी हसन मिराज ने सबसे ज्यादा नाबाद 35 रन बनाए. कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 27 रन बनाए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने 3-3 विकेट लिए. हार्दिक पांड्या, मयंक यादव औऱ वॉशिंगटन सुंदर को 1-1 सफलता मिली. मयंक ने अपनी तूफानी गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया. उन्होंने मैच में 149 की स्पीड से भी बॉल फेंकी.
बल्लेबाजों ने मचाया धमाल
जवाब में भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने 16 गेंद पर नाबाद 39 रन बनाए. उन्होंने छक्के से मैच को फिनिश किया. हार्दिक ने अपनी पारी में 5 चौके और 2 छक्के लगाए. उनके अलावा कप्तान सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने 29-29 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 16 रन बनाए. डेब्यू करने वाले नीतीश कुमार रेड्डी ने भी नाबाद 16 रन बनाए. बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान और मेहदी हसन मिराज ने 1-1 विकेट लिए.


