नई दिल्ली । दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज मोर्ने मोर्कल को भारतीय टीम का गेंदबाजी कोच बनाया गया है। मोर्कल का करार एक सितंबर से शुरू होगा।
बोर्ड ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर को टीम इंडिया का मुख्य कोच नियुक्त किया था, लेकिन सहायक स्टाफ की घोषणा नहीं की थी। राहुल द्रविड़ के कार्यकाल के दौरान पारस म्हांब्रे टीम के गेंदबाजी कोच थे। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह के हवाले से बताया कि मोर्कल को नया गेंदबाजी कोच बनाया गया है।
*गंभीर की पहली पसंद थे मोर्कल*
शाह ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘हां, मोर्ने मोर्कल को सीनियर भारतीय पुरुष टीम का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है।’ दक्षिण अफ्रीका के 39 साल के मोर्कल नए मुख्य कोच गौतम गंभीर की पहली पसंद थे। दोनों ने आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स में साथ काम किया है। इससे पहले, गंभीर और मोर्कल कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) टीम में भी तीन सीजन तक एक दूसरे के साथ काम कर चुके हैं। मोर्कल ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 86 टेस्ट, 117 वनडे और 44 टी20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 544 अंतरराष्ट्रीय विकेट चटकाए।


