पेरिस ओलिंपिक शुरू होने में 9 दिन बाकी हैं। पेरिस 3 ओलिंपिक की मेजबानी करने वाला दूसरा शहर होगा। इससे पहले लंदन में 3 ओलिंपिक हो चुके हैं। पेरिस में इससे पहले ओलिंपिक साल 1900 व 1824 में हुए थे जबकि लंदन ने 1908, 1948, 2012 में मेजबानी की थी।
पेरिस में 100 साल बाद समर गेम्स हो रहे हैं, जिसका मोटो है- “गेम्स वाइड ओपन’। यानी खेल ज्यादा विशाल, अलग और ज्यादा ओपन। ओपनिंग सेरेमनी स्टेडियम के बजाय नदी किनारे होगी। सेरेमनी में 6 लाख फैंस के पहुंचने की उम्मीद है, जिसमें से 2 लाख 22 हजार टिकट फ्री बांटे गए हैं। सिर्फ ओपनिंग को ही दुनियाभर में करीब 150 करोड़ लोग टीवी पर देखेंगे। 17 दिन के इवेंट के लिए आयोजकों ने 1 करोड़ टिकट निकाले, जिसमें से 90 लाख टिकट बिक चुके हैं।
भारतीय दल में 257 मेंबर्स
इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) ने 257 मेंबर्स वाले भारतीय दल का ऐलान किया है। पेरिस में भारत के 117 खिलाड़ी उतरेंगे। 140 का सपोर्ट स्टाफ होगा।
इस दल में से शॉट पुटर आभा खाटुआ का नाम नहीं है। उन्होंने वर्ल्ड रैंकिंग कोटा से ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई किया था, लेकिन वर्ल्ड एथलिस्ट लिस्ट ऑफ ओलिंपिक में उनका नाम नहीं था। इसके बाद उन्हें भारतीय दल से ड्रॉप कर दिया गया।
टोक्यो ओलिंपिक्स यानी पिछले ओलिंपिक में भारत ने 119 सदस्यों का दल भेजा था। इस ओलिंपिक में भारत ने अब तक के सबसे ज्यादा 7 मेडल हासिल किए थे। इनमें से एक नीरज चोपड़ा का गोल्ड भी था।
टॉर्च का 68 दिन का सफर, 12 हजार किमी दूरी तय करेगी
ओलिंपिक की टॉर्च रिले 16 अप्रैल से शुरू हुई। ओलिंपिक फ्लेम को ग्रीस के ओलिंपिया में जलाए जाने के बाद यह 26 अप्रैल को एथेंस पहुंची। फिर 9 मई को मार्सिले पहुंची। इसके बाद मोनाको में कुछ समय रुकने के बाद फ्रांस में टूर शुरू हुआ। यह 26 जुलाई को ओपनिंग सेरेमनी के दौरान ओलिंपिक कैल्ड्रॉन को रोशन करेगी।
टूर के दौरान टॉर्च को 10 हजार लोग थामेंगे, जिसमें एथलीट व सेलेब्रिटी भी शामिल हैं। के-पॉप आइकन और बीटीएस बैंड के सदस्य जिन ने रविवार को इसे थामा। टूर के दौरान यह यूनेस्को की 30 वर्ल्ड हैरिटेज साइट पर भी जाएगी। 68 दिन के सफर में ओलिंपिक फ्लेम फ्रांस में 12 हजार किमी का सफर तय करेगी।
लग्जरी फर्म ने मेडल बनाए, इनमें एफिल टाॅवर का मेटल
गेम्स के लिए पेरिस की लग्जरी जूलरी फर्म ने 5084 मेडल बनाए हैं। हर मेडल में एफिल टावर का 18 ग्राम मेटल भी मिलाया गया है। मेडल पर ग्रीक देवी नाइकी, 1896 में पहले ओलिंपिक की मेजबानी करने वाले स्टेडियम और एफिल टाॅवर बनाए गए हैं। इन मेडल का वजन 455 से 529 ग्राम तक है।
पेरिस समेत 16 शहरों में गेम्स, सर्फिंग 15 हजार किमी दूर
ओलिंपिक 2024 एरिया के लिहाज से भी सबसे बड़ा ओलिंपिक होगा। इसके गेम्स पेरिस समेत 16 अन्य शहरों में भी खेले जाएंगे। इसके कुछ वेन्यू मेजबान शहर पेरिस से 10 किमी से 700 किमी तक दूर हैं। ओलिंपिक सर्फिंग का आयोजन तो फ्रांस के विदेशी क्षेत्र में किया जाएगा। ऐसा ओलिंपिक इतिहास में पहली बार होगा। फ्रेंच पोलिनेशिया स्थित ताहिती का तेहुपो’ओ बीच सर्फिंग का वेन्यू है, जो पेरिस से 15,716 किमी व 12 टाइम जोन दूर है। ताहिती में सर्फिंग किसी भी ओलिंपिक में किसी इवेंट और मेजबान शहर के बीच की सबसे लंबी दूरी है।


