Newdehli.भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विमेंस ओपनर स्मृति मंधाना को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड दिया है।ICC ने मंगलवार को जून महीने के बेस्ट क्रिकेटर्स की घोषणा की। ऐसा पहली बार हुआ जब एक ही देश के खिलाड़ियों ने एक ही महीने में मेंस और विमेंस दोनों पुरस्कार जीते हैं।
मेंस कैटेगरी में बुमराह के अलावा टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और अफगानिस्तान के ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज भी नॉमिनेट हुए थे, जबकि विमेंस कैटेगरी में इंग्लैंड की मैया बाउचियर और श्रीलंका की विशमी गुणरत्ने दावेदारी में शामिल थी।
बुमराह ने हर मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का भी टी-20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। उन्होंने 8 मैचों में 4.17 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की और 15 विकेट भी लिए। वह टीम इंडिया के दूसरे टॉप विकेट टेकर रहे। वह प्लेयर ऑफ द सीरीज भी रहे।
मंधाना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के दो मैचों में दो सेंचुरी लगाई
मंधाना ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती 2 मुकाबलों में 113 और 136 रनों की पारी खेली थी। वहीं तीसरे मैच में उनके बल्ले से 90 रनों की पारी देखने को मिली।
इसके बाद टेस्ट में मंधाना ने अपनी उसी फॉर्म को जारी रखते हुए 149 रनों की पारी खेली जिसके दम पर भारतीय महिला टीम ने विमेंस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक पारी में सर्वाधिक स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी बना दिया। टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 603 रन बनाए थे और इसके बाद इस मुकाबले को उन्होंने 10 विकेट से जीत लिया था।
बुमराह ने रोहित और गुरबाज को बधाई दी
बुमराह ने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड मिलने के बाद कहा, ‘जून ICC प्लेयर ऑफ द मंथ बनकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। पिछले कुछ दिन हम लोगों के लिए बहुत शानदार रहे हैं। शानदार प्रदर्शन कर टूर्नामेंट जीतना काफी खास एहसास है, इन यादों को मैं हमेशा अपने साथ रखूंगा। इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा और रहमानुल्लाह गुरबाज को शानदार प्रदर्शन के लिए मैं बधाई देता हूं। अंत में मैं अपने परिवार, साथी खिलाड़ियों और कोचों को शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।’


