mumbai.गौतम गंभीर टीम इंडिया के हेड कोच बन गए हैं। BCCI सेक्रेटरी जय शाह ने मंगलवार को इसका ऐलान किया। 42 साल के गंभीर ने द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ की जगह ली है।द्रविड का कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप के बाद खत्म हो गया। गंभीर का कार्यकाल जुलाई 2027 तक रहेगा।
गंभीर ने डेढ़ महीने पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL-2024 का चैंपियन बनाया था। वे इसी साल कोलकाता की फ्रेंचाइजी के मेंटर बने थे। इतना ही नहीं, गंभीर ने अपनी मेंटरशिप में लखनऊ सुपर जायंट्स को लगातार 2 सीजन के प्लेऑफ में पहुंचाया था।
गंभीर के पास कोचिंग का अनुभव नहीं
गंभीर को इंटरनेशनल या डोमेस्टिक लेवल पर कोचिंग का कोई अनुभव नहीं है, वह 2 IPL फ्रेंचाइजी में कोचिंग स्टाफ के इंचार्ज रहे हैं। IPL 2022 और 2023 में वे लखनऊ सुपर जाइंट्स के मेंटर थे, वहीं 2024 सीजन में KKR के साथ जुड़े। गंभीर ने LSG में रहते पहले दोनों सीजन में टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाया। वहीं, इस सीजन KKR को चैंपियन बनाया।
गंभीर ने बतौर प्लेयर 2 वर्ल्ड कप और 2 IPL जीते
गंभीर बतौर खिलाड़ी 2007 में भारत की टी-20 वर्ल्ड कप जीत और 2011 में वनडे वर्ल्ड कप जीत का हिस्सा थे। उन्होंने 2011 से 2017 तक सात IPL सीजन के लिए KKR की कप्तानी की, और उन्होंने पांच बार प्लेऑफ के लिए भी क्वालिफाई किया। बतौर कप्तान उन्होंने साल 2012 और 2014 में दो खिताब जीते।


नवंबर 2021 में हेड कोच बने थे द्रविड़
राहुल द्रविड़ को नवंबर 2021 में भारत का हेड कोच बनाया गया, तब टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई थी। 2022 के टी-20 वर्ल्ड कप में टीम ने फिर सेमीफाइनल खेला। 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के बाद द्रविड़ का कार्यकाल खत्म हो गया था, लेकिन टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने के कारण उनका कार्यकाल टी-20 वर्ल्ड कप तक बढ़ा दिया गया था। फिर द्रविड़ ने भारत को टी-20 में वर्ल्ड चैंपियन बना दिया। 29 जून को भारत ने साउथ अफ्रीका को 7 रन से हराते हुए टी-20 वर्ल्ड कप जीता।
द्रविड़ की कोचिंग में टीम इंडिया 2023 में एशिया कप भी जीत चुकी है। भारत ने मेजबान श्रीलंका को हराकर खिताब जीता था।


