एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने विमेंस एशिया कप का शेड्यूल घोषित कर दिया है। टूर्नामेंट 19 से 28 जुलाई तक श्रीलंका के दम्बुला शहर में खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं और दोनों के बीच ब्लॉकबस्टर मुकाबला 21 जुलाई को होगा।
विमेंस एशिया कप के ठीक बाद सितंबर में विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप भी होना है। जिसका वेन्यू बांग्लादेश है। ऐसे में ICC टूर्नामेंट से ठीक पहले एशियन टीमों के लिए एशिया कप ही तैयारी का आखिरी मौका रहेगा।
8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा
2022 में पिछला एशिया कप बांग्लादेश में खेला गया। इस दौरान 7 टीमों ने हिस्सा लिया और हर टीम ने एक-दूसरे के खिलाफ 6 मैच खेले। इस बार एक टीम बढ़ाकर टूर्नामेंट में 8 टीमें कर दी गईं। सबसे सफल टीम भारत के अलावा टूर्नामेंट में 2018 की चैंपियन बांग्लादेश, पाकिस्तान, श्रीलंका, नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया और UAE भी हैं।

भारत-नेपाल के बीच होगा ओपनिंग मैच
19 जुलाई को टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच भारत और नेपाल के बीच होगा। इसी दिन पाकिस्तान का सामना UAE से होगा। चारों टीमें ग्रुप-ए में हैं। वहीं श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड ग्रुप-बी में हैं।
दोनों ग्रुप की 2-2 टॉप टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। दोनों नॉकआउट मुकाबले 26 जुलाई को होंगे, यहां जीतने वाली टीमों के बीच 28 जुलाई को फाइनल होगा।
वर्ल्ड कप में आखिरी बार भिड़ी थीं दोनों टीमें
भारत और पाकिस्तान के बीच विमेंस टी-20 फॉर्मेट में 14 मुकाबले खेले गए। 11 में भारत और महज 3 में पाकिस्तान को जीत मिली। दोनों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 वर्ल्ड कप दौरान फरवरी 2023 में केपटाउन के मैदान पर हुआ था, इसे भारत ने 7 विकेट से जीता। एशिया कप में दोनों के बीच आखिरी मैच 2022 में हुआ था, तब पाकिस्तान को 13 रन से जीत मिली थी।
शेड्यूल
- 19 जुलाई: पाकिस्तान vs नेपाल | भारत vs यूएई
- 20 जुलाई: मलेशिया vs थाईलैंड | श्रीलंका vs बांग्लादेश
- 21 जुलाई: नेपाल vs यूएई | भारत vs पाकिस्तान
- 22 जुलाई: श्रीलंका vs मलेशिया | बांग्लादेश vs थाईलैंड
- 23 जुलाई: पाकिस्तान vs यूएई | भारत vs नेपाल
- 24 जुलाई: बांग्लादेश vs मलेशिया | श्रीलंका vs थाईलैंड
- 26 जुलाई: 2 सेमीफाइनल
- 28 जुलाई: फाइनल


