रणजी ट्रॉफी 2023-24 का फाइनल मुकाबला 41 बार की चैंपियन मुंबई और दो बार की विजेता टीम विदर्भ के बीच खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने पहली पारी में तीन विकेट पर 31 रन बना लिए हैं। अथर्व तायड़े 21 और आदित्य ठाकरे 0 पर नाबाद लौटे।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले दिन रविवार को विदर्भ टीम ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी। पहले बैटिंग करते हुए मुंबई की टीम 224 रन पर ऑलआउट हो गई। मुंबई की ओर से पहली पारी में शार्दूल ठाकुर ने 75 रन की पारी खेली। अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर दोनों फेल रहे। विदर्भ के लिए यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट लिए।

विदर्भ को 3 शुरुआती झटके लगे
विदर्भ को पहला झटका ध्रुव शोरे के रूप में लगा। ध्रुव बिना खाता खोले आउट हुए। टीम का दूसरा विकेट 20 रन के स्कोर पर गिरा। अमन मोखड़े 8 रन बनाकर आउट हुए। करुण नायर भी खाता नहीं खोल सके। मुंबई के धवल कुलकर्णी दो और शार्दूल ठाकुर एक विकेट ले चुके हैं।
शार्दूल का अर्धशतक, रहाणे-अय्यर फेल
मुंबई की ओर से पहली पारी में शार्दूल ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन किया। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर दोनों फेल रहे। शार्दूल ने 75 रन की पारी खेली। इस दौरान आठ चौके और तीन छक्के लगाए। उनके अलावा पृथ्वी शॉ ने 46 रन बनाए। भूपेन लालवानी ने 37 रन का योगदान दिया।
इन तीनों के अलावा कोई अन्य बड़ी पारी नहीं खेल पाया। रहाणे और अय्यर ने 7-7 रन बनाए। विदर्भ के लिए यश ठाकुर और हर्ष दुबे ने 3-3 विकेट लिए। उमेश यादव ने दो विकेट झटके। आदित्य ठाकरे को भी एक विकेट मिला।


