मेलबर्न|जोकोविच ने अपने 54वें ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने इस रिकॉर्ड के मामले में रोजर फेडरर की बराबरी की।ऑस्ट्रेलिया ओपन में रविवार को सिंगल्स के फोर्थ राउंड और डबल्स के थर्ड राउंड के मुकाबले हुए। मेलबर्न के रोड लेवर एरिना में नोवाक जोकोविच ने फोर्थ राउंड में जीत हासिल कर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने फ्रांस के एड्रियान मनारिनो को 6-0,6-0, 6-3 से सीधे सेट में हराया।
जोकोविच ने अपने 54वें ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। उन्होंने इस रिकॉर्ड के मामले में रोजर फेडरर की बराबरी की।
वहीं, दूसरी ओर 2023 ऑस्ट्रेलिया ओपन के फाइनलिस्ट स्टेफनोस सित्सिपास 4 सेट में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उन्हें अमेरिका के टेलर फ्रिट्स ने 7(7)-6(3), 5-7. 6-3,6-3 से हराया।
डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका जीती
विमेंस सिंगल्स की डिफेंडिंग चैंपियन आर्यना सबालेंका जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी ने अमांडा अनिसिमोवा को एक घंटे और 10 मिनट के बाद चौथे राउंड में सीधे सेटों (6-3, 6-2) से हराकर जीत हासिल की।

रुबलेव पांच सेट में जीते
पांचवीं वरीयता प्राप्त एंड्री रुबलेव ने मेंस सिंगल्स में ऑस्ट्रेलिया के एलेक्स डी मिनौर को हराकरक्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। रुबलेव का मुकाबला चार घंटे से भी ज्यादा चला। उन्होंने 6-4, 6-7(5), 6-7(4), 6-3, 6-0 से जीत हासिल की।

सिनर भी क्वार्टरफाइनल में पहुंचे
करेन खाचानोव को हराकर इटालियन स्टार जननिक सिनर भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। सिनर ने दो घंटे और 34 मिनट में सीधे सेटों में (6-4, 7-5, 6-3) जीत हासिल की। चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने अब अपने छठे ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

क्रेजिसिकोवा और गॉफ जीतीं
विमेंस सिंगल्स में बारबोरा क्रेजिसिकोवा ने रूस की मीरा एंड्रीवा को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। लगभग दो घंटे में क्रेजिसिकोवा ने 4-6, 6-3, 6-2 से जीत हासिल की। क्रेजिसिकोवा का मुकाबला दूसरी वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका से होगा।
वहीं, यूएस ओपन चैंपियन कोको गॉफ ने भी 6-1, 6-2 से जीत हासिल कर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने मेग्दालेना फ्रेच को हराया।

भारत के बोपन्ना का मुकाबला कल
भारत के रोहन बोपन्ना ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एब्डेन के साथ कल मेंस डबल्स इवेंट का थर्ड राउंड खेलेंगे। उनका मुकाबला वेस्ली कूलहॉफ और निकोला मेक्टिक के साथ होगा।


