पानीपत| देश के स्टार पहलवानों में शुमार झज्जर के सासरौली निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान ने एक बार फिर अपने शब्दों में बड़ी बात लिख दी है। फिर से पहलवान साक्षी मलिक के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए सोशल मीडिया के X पर लिखा है। उन्होंने इस बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है।
गूंगा पहलवान ने लिखा है कि जब हमें अवॉर्ड दिए जाते हैं तो, हमारे साथ घर वालों को भी भरपूर सम्मान दिया जाता है। भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, खेल मंत्री सभी हमसे बात करते हैं। एक बार फिर से भारत के प्रधानमंत्री से अपील करता हूं, भारत की बेटियों से मिलकर उनको भय के माहौल से निकालें..! जयहिंद। वीरेंद्र सिंह की इन बातों की उनके फैंस खूब सराहना कर रहे हैं।
साक्षी मलिक से मैदान में संन्यास लेने की अपील की थी
वीरेंद्र सिंह उर्फ गूंगा पहलवान ने सोशल मीडिया पर पहलवान साक्षी मलिक के पक्ष में पोस्ट की थी। उन्होंने पोस्ट में साक्षी मलिक को टैग करते हुए लिखा है कि देश की बेटी और हमारी बहन साक्षी मलिक मैं आपको एक बार फिर से खेलने के लिए प्रेरित कर रहा हूं। मैं चाहता हूं आप उसी कुश्ती खेल मैदान से अपना संन्यास लें, जिस पर आपने मेहनत, त्याग व ओलिंपिक में मेडल दिया।
पहलवानों के समर्थन में पद्मश्री भी लौटाने का ऐलान
गूंगा पहलवान ने 22 दिसंबर 2023 को सोशल मीडिया X पर लिखा था कि मैं भी अपनी बहन और देश की बेटी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद्मश्री लौटा दूंगा। मुझे अपनी बहन साक्षी मलिक पर गर्व है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और नीरज चोपड़ा को टैग करते हुए लिखा- देश के सबसे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों से भी मैं अनुरोध करूंगा कि वो भी अपना निर्णय लें।


