इंदौर|भारत-अफगानिस्तान के बीच 14 जनवरी को होलकर स्टेडियम में होने वाले टी-20 मैच के लिए भारत और अफगानिस्तान की टीम इंदौर पहुंच चुकी है। दोनों ही टीमें इंदौर एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हुई हैं। बताया जा रहा है कि मौसम को देखते हुए देर रात पिच का मुआयना किया जाएगा। वहीं शनिवार को दोनों टीमों का अभ्यास सत्र हो सकता है। दोनों ही टीमें मोहाली से चार्टर्ड प्लेन से इंदौर आई हैं।
इंदौर में रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, संजू सैमसन, वॉशिंगटन सुंदर और तिलक वर्मा सहित अन्य खिलाड़ी पहुंचे हैं। जबकि विराट कोहली अलग से सर्विस फ्लाइट से इंदौर आएंगे। रविवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जाना है। बता दें कि होलकर स्टेडियम में खेला गया वनडे और टी-20 सीरीज का हर दूसरा मुकाबला भारत ने जीता है। अफगानिस्तान को देखते हुए भारत यह रिकॉर्ड कायम रख सकती है। मैच में सभी बड़े खिलाड़ियों के खेलने की उम्मीद है। हालांकि अफगानिस्तान के स्टार ऑल राउंडर राशिद खान इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।


